Top
Begin typing your search above and press return to search.

860 करोड रुपये के रक्षा सौदों को मंजूरी

नयी दिल्ली,नौसेना , बराक मिसाइलों, रक्षा सौदों,New Delhi, Navy, Barak missiles, defense deals,

860 करोड रुपये के रक्षा सौदों को मंजूरी
X

नयी दिल्ली ! सरकार ने नौसेना के युद्धपोतों के लिए अतिरिक्त बराक मिसाइलों की खरीद सहित 860 करोड़ रुपये के रक्षा सौदों से संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी दी है। रक्षा मंत्री अरूण जेटली की अध्यक्षता में आज यहां हुई रक्षा खरीद परिषद की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी। पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के गोवा का मुख्यमंत्री बनने के बाद रक्षा मंत्री का अतिरिक्त प्रभार संभालने वाले श्री जेटली ने पहली बार परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। रक्षा सूत्रों के अनुसार बैठक में समुद्री सुरंग रोधी उपकरणों और समुद्र में तापमान का पता लगाने वाली प्रणाली की खरीद के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गयी है।

रक्षा सूत्रों के अनुसार युद्धपोतों के लिए हवा से सतह पर मार करने वाली अतिरिक्त बराक मिसाइल इजरायल से खरीदी जायेंगी। नौसेना ने अपने प्रमुख युद्धपोत आईएनएस विक्रमादित्य से हाल ही में बराक मिसाइल का पहला सफल परीक्षण किया था। यह खरीद ‘बाय ग्लोबल’ रूट के माध्यम से इजरायल की राफेल एडवांस डिफेंस सिस्टम लिमिटेड से की जायेगी।
बैठक में नौसेना के लिए लगभग 311 करोड़ रुपये की लागत से बारूदी सुरंग रोधी उपकरणों की खरीद को भी हरी झंडी दिखाई गयी। भारत के पास इस तरह के उपकरण पहले भी हैं और अब अतिरिक्त उपकरणों की खरीद की जा रही है। यह खरीद भी ‘बाय ग्लोबल’ श्रेणी के तहत की जायेगी। इसके अलावा समुद्र की गहराई में तापमान का पता लगाने वाली प्रणाली की अमेरिका से खरीद के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गयी। नौसेना के जलपोतों पर तैनात की जाने वाली यह प्रणाली लगभग 150 मीटर की गहराई तक तापमान का पता लगा सकती है।
रक्षा मंत्री ने खरीद परिषद की बैठक में रक्षा खरीद के विभिन्न प्रस्तावों की समीक्षा की और उनकी निगरानी का निर्देश दिया। उन्होंने पुराने प्रस्ताव को जल्द अंजाम तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it