Top
Begin typing your search above and press return to search.

जहाज डूबा, भारतीय नौसेना ने बचाए 2 चीनी नागरिक, 22 लोग लापता

भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर में जहाज डूबने के बाद दो चीनी नागरिकों को बचाया है. इस जहाज पर कुल 24 क्रू मेंबर सवार थे. इनमें से 22 अब भी लापता हैं.

जहाज डूबा, भारतीय नौसेना ने बचाए 2 चीनी नागरिक, 22 लोग लापता
X

भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर में जहाज डूबने के बाद दो चीनी नागरिकों को बचाया है. इस जहाज पर कुल 24 क्रू मेंबर सवार थे. इनमें से 22 अब भी लापता हैं.

भारत के पूर्वी तट के पास पनामा के झंडे वाले मालवाहक जहाज ओशइन विनर शनिवार को डूब गया. भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल के सदस्य रविवार को भी जहाज पर सवार क्रू के लिए राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं. जहाज पर कुल 24 चालक दल के सदस्य सवार थे. इनमें 20 चीनी नागरिक, 3 म्यांमार के नागरिक और 1 बांग्लादेशी शामिल था.

52,000 करोड़ रुपये के हथियार खरीदेगा भारत

अब तक 2 चीनी नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है. उन्हें लाइफ राफ्ट से निकाला गया. बाकी 22 लोग अभी भी लापता हैं.

12 घंटे बाद जीवित मिलने की संभावना कम

भारतीय समुद्री प्रशासन के महानिदेशक श्याम जगन्नाथन ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि बचाए गए दोनों चीनी नाविकों ने जहाज के डूबने की जानकारी दी है. उनके मुताबिक शुक्रवार को जहाज एक ओर झुकने लगा था. इसके बाद वह महज आठ मिनट के भीतर समुद्र में समा गया. हालात इतने तेजी से बिगड़े कि चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा.

श्याम जगन्नाथन ने बताया कि आमतौर पर 12 घंटे के बाद जीवित लोगों के मिलने की संभावना काफी कम हो जाती है. इसके बावजूद खोज अभियान जारी रखा गया है और राहत एजेंसियां पूरी कोशिश कर रही हैं.

श्री विजय पुरम से दो जहाज रवाना

भारतीय नौसेना ने कहा है कि वह तटरक्षक बल के साथ मिलकर बचाव अभियान का समन्वय कर रही है. दोनों एजेंसियां लापता चालक दल के सदस्यों की तलाश में जुटी हैं. भारतीय तटरक्षक बल ने खोज और बचाव अभियान के लिए श्री विजय पुरम से दो जहाज भेजे हैं. श्री विजय पुरम का पुराना नाम पोर्ट ब्लेयर था. तटरक्षक बल के प्रवक्ता कमांडेंट अमित उनियाल ने कहा कि अभियान लगातार जारी है.

सरकारी सूत्रों और समुद्री प्रशासन की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक ओशन विनर भारत के पूर्वी तट स्थित पारादीप बंदरगाह से रवाना हुआ था. जहाज में लौह अयस्क लदा था. जहाज के गंतव्य को लेकर शुरुआती सूचनाओं में अंतर रहा. कुछ रिपोर्टों में इसे चीन और कुछ में सिंगापुर जाने वाला बताया गया.

जहाज डूबने की वजह साफ नहीं

जहाज पारादीप बंदरगाह से करीब 240 समुद्री मील दूर डूबा. घटना के बाद भारत की समुद्री बचाव एजेंसी का जहाज से संपर्क भी टूट गया था. फिलहाल जहाज के डूबने का कारण साफ नहीं हो पाया है. जांच एजेंसियां मामले की पड़ताल कर रही हैं.

पारादीप पोर्ट अथॉरिटी के डिप्टी कंजर्वेटर कैप्टन अलेखा चरण साहू ने बताया कि वह चालक दल की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि लापता लोगों के बारे में अच्छी खबर मिलेगी.


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it