Top
Begin typing your search above and press return to search.

"भाजपा से ज्यादा झूठी और जुमलेबाज कोई पार्टी नहीं": प्रमोद तिवारी का पलटवार, कहा— रामलीला मैदान की 'वोट बचाओ' रैली आजादी के बाद की सबसे सफल रैली

इंडिया गठबंधन की रामलीला मैदान में हुई रैली को भाजपा द्वारा 'फ्लॉप शो' बताए जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भाजपा पर झूठ फैलाने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

भाजपा से ज्यादा झूठी और जुमलेबाज कोई पार्टी नहीं: प्रमोद तिवारी का पलटवार, कहा— रामलीला मैदान की वोट बचाओ रैली आजादी के बाद की सबसे सफल रैली
X

नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन की रामलीला मैदान में हुई रैली को भाजपा द्वारा 'फ्लॉप शो' बताए जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भाजपा पर झूठ फैलाने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत करते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा, "इसीलिए मैं कहता हूं कि भाजपा से ज्यादा झूठ बोलने वाली, गुमराह करने वाली और बेशर्म पार्टी कोई दूसरी नहीं है। मीडिया ने भी लाइव दिखाया है कि मैदान में जितने लोग मौजूद थे, उससे दोगुने लोग बाहर थे। जब राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के सभी नेता चल रहे थे, तो दोनों तरफ की सड़कें लोगों से भरी हुई थीं।"

उन्होंने कहा कि आज विरोधी भी यह स्वीकार कर रहे हैं कि रैली जबरदस्त रूप से सफल रही। आम जनता से पूछा जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। भाजपा की झूठ बोलने की क्षमता का कोई आकलन नहीं किया जा सकता। सबकी आंखों के सामने हुई ऐतिहासिक रैली को फ्लॉप बताना हास्यास्पद है।

प्रमोद तिवारी ने कहा, "हम तो कहते हैं कि यह आजादी के बाद की सबसे सफल रैली थी, जो आज तक कभी नहीं हुई। मेरी अपील है कि रैली में आई संख्या पर मत जाइए, वहां मौजूद जज्बे पर जाइए। वहां एक ही संकल्प था कि अब भाजपा जैसी भ्रष्ट और लोकतंत्र की हत्या करने वाली पार्टी को हटाना है और संविधान को मानने वाली पार्टी को सत्ता में लाना है।"

उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने बिल्कुल ठीक कहा है कि हम उन्हें जाने नहीं देंगे। अपने गुनाहों का हिसाब उन्हें यहीं रहकर देना होगा। चाहे वे दिल्ली में रहकर हिसाब दें या गुजरात में रहकर दें। जिस तरह से लोकतंत्र की हत्या हुई है और वोट चोरी हुई है, उसका जवाब देना होगा। राहुल गांधी ने कल स्पष्ट कहा कि पीएम मोदी वोट चोरी से प्रधानमंत्री बने हैं। वोट चोरी से प्रधानमंत्री बनकर संविधान की हत्या करने का जवाब उनको देना ही पड़ेगा।"

उत्तर प्रदेश में एसआईआर प्रक्रिया से एक करोड़ से ज्यादा हिंदुओं के वोट कटने संबंधी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर तंज कसते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा कि सीएम योगी अब राहुल गांधी के नए समर्थक बन गए हैं। सीएम योगी ठीक ही कह रहे हैं। वह खुद स्वीकार कर रहे हैं कि एक करोड़ हिंदू मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया। क्या यह 2027 में होने वाली हार के लिए पहले से बहाना तैयार किया जा रहा है? कि हम क्यों हारे? मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तो प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री ही चलाते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि वह सीएम योगी आदित्यनाथ से क्यों दुश्मनी निभा रहे हैं? उन्होंने एक करोड़ वोट क्यों काटे?

आम आदमी पार्टी के दो बागी विधायकों द्वारा नशा मुक्त पंजाब का वादा पूरा न करने का भगवंत मान सरकार पर लगाए आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा कि यह डूबते जहाज से कूदने जैसा है। उन्होंने कहा, "एक पुरानी कहावत है कि जब जहाज डूबने लगता है तो उस पर सवार लोग पहले कूदकर भागने लगते हैं। पंजाब में भी यही दिख रहा है।"



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it