Top
Begin typing your search above and press return to search.

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता 2026: जानें कौन हैं निकिता पोरवाल? उज्जैन की सुंदरी वियतनाम में बढ़ा रही भारत का मान

मिस वर्ल्ड 2026 का यह संस्करण खास भी है, क्योंकि यह प्रतियोगिता का 73वां संस्करण है और मिस वर्ल्ड संगठन की 75वीं वर्षगांठ के समारोह का हिस्सा है। भारत में प्रतियोगिता का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर होगा और लाइवस्ट्रीम शाम 5:30 बजे से शुरू होगी।

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता 2026: जानें कौन हैं निकिता पोरवाल? उज्जैन की सुंदरी वियतनाम में बढ़ा रही भारत का मान
X

नई दिल्ली: मिस वर्ल्ड 2026 प्रतियोगिता का फिनाले आज शुक्रवार को वियतनाम के न्हा ट्रांग में होने जा रहा है। दुनिया भर की 111 प्रतिभागियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व मध्य प्रदेश के उज्जैन की निकिता पोरवाल कर रही हैं। फिनाले से पहले ही निकिता ने अपने पारंपरिक और सांस्कृतिक अंदाज से खास पहचान बना ली है। खास तौर पर ‘डांस ऑफ द वर्ल्ड राउंड’ में उनके परिधान और प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान खींचा। देवी के स्वरूप से प्रेरित उनका लुक भारतीय संस्कृति और परंपरा को मंच पर पेश करता नजर आया।

देवी के रूप में दिखीं निकिता

‘डांस ऑफ द वर्ल्ड’ राउंड में निकिता का लुक बाकी प्रतिभागियों से अलग नजर आया। उनके परिधान में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और शास्त्रीय सौंदर्य की झलक दिखाई दी। देवी के स्वरूप से प्रेरित इस प्रस्तुति के जरिए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की सांस्कृतिक विरासत को सामने रखा। मिस वर्ल्ड 2026 का यह संस्करण खास भी है, क्योंकि यह प्रतियोगिता का 73वां संस्करण है और मिस वर्ल्ड संगठन की 75वीं वर्षगांठ के समारोह का हिस्सा है। भारत में प्रतियोगिता का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर होगा और लाइवस्ट्रीम शाम 5:30 बजे से शुरू होगी।

उज्जैन से निकलीं अंतरराष्ट्रीय मंच तक

निकिता पोरवाल का संबंध मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन से है। उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई उज्जैन के कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से ग्रेजुएशन पूरा किया। निकिता ने कम उम्र में ही मंच और कैमरे की दुनिया में कदम रख दिया था। करीब 18 वर्ष की उम्र में उन्होंने टीवी होस्ट के तौर पर करियर की शुरुआत की। आगे चलकर अभिनय में रुचि बढ़ी और उन्होंने गुजरात के वडोदरा जाकर एक्टिंग की ट्रेनिंग भी ली।

फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीता

निकिता के करियर में बड़ा मोड़ 2024 में आया, जब उन्होंने फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले अगस्त 2024 में वह मिस इंडिया मध्य प्रदेश भी चुनी गई थीं। उनकी जीत को उज्जैन के लिए भी खास उपलब्धि माना गया। निकिता ने प्रतियोगिता के जरिए मॉडलिंग और फैशन की दुनिया में अपनी जगह बनाई और इसके बाद उन्हें मिस वर्ल्ड के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।

अभिनय और लेखन में भी दिलचस्पी

निकिता की पहचान सिर्फ ब्यूटी पेजेंट तक सीमित नहीं है। उन्हें ड्रामा, पेंटिंग, लेखन और फिल्में देखने में भी रुचि है। वह थिएटर से भी जुड़ी रही हैं और रामलीला में माता सीता तथा श्रीकृष्ण लीला में राधा का किरदार निभा चुकी हैं। निकिता के पिता अशोक पोरवाल के मुताबिक, उनकी बेटी को लेखन का भी शौक है। वह मंच पर निभाए जाने वाले किरदारों के लिए संवाद और स्क्रिप्ट लिखने में भी रुचि रखती हैं। निकिता भविष्य में फिल्मों में काम करना चाहती हैं और संजय लीला भंसाली जैसे फिल्म निर्देशक के साथ काम करने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं।

भारत के पास सातवीं बार ताज जीतने का मौका

भारत की छह सुंदरियां पहले ही मिस वर्ल्ड का खिताब जीत चुकी हैं। रीता फारिया ने 1966 में भारत को पहली बार यह ताज दिलाया था। इसके बाद ऐश्वर्या राय (1994), डायना हेडन (1997), युक्ता मुखी (1999), प्रियंका चोपड़ा (2000) और मानुषी छिल्लर (2017) मिस वर्ल्ड बनीं। अब निकिता पोरवाल के सामने भारत को सातवीं बार मिस वर्ल्ड का ताज दिलाने का मौका है। पिछले वर्ष यानी 2025 में थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगश्री ने यह खिताब जीता था। इस बार फिनाले में निकिता की प्रस्तुति और उनका भारतीय सांस्कृतिक अंदाज पहले ही चर्चा बटोर चुका है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it