Top
Begin typing your search above and press return to search.

पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेस-3 में खौफनाक वारदात: युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या

पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मयूर विहार फेस-3 इलाके में रविवार सुबह करीब 5:00 बजे अज्ञात लोगों ने लाठी और डंडों से पीटकर एक युवक की हत्या कर दी। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेस-3 में खौफनाक वारदात: युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या
X

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मयूर विहार फेस-3 इलाके में रविवार सुबह करीब 5:00 बजे अज्ञात लोगों ने लाठी और डंडों से पीटकर एक युवक की हत्या कर दी। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं। हालांकि, घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदा लोगों की सूचियों से इसका मिलान किया जा रहा है।

गार्ड नंदलाल ने बताया कि वह सुबह करीब 4:00 बजे जब अपने बाथरूम से वापस लौट रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि कुछ युवक एक व्यक्ति को बेरहमी से पीट रहे थे। नंदलाल ने जब हिम्मत जुटाकर उन हमलावरों को भगाने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। हमलावरों ने गार्ड को धमकाते हुए कहा कि चुपचाप यहां से भाग जाओ, वरना तुम्हें भी जान से मार देंगे। जान बचाने के डर से गार्ड तुरंत वहां से हटा और बिना देर किए पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ के लिए इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को खंगाल रही है। घटनास्थल के आसपास और भागने वाले संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को पुलिस द्वारा बारीकी से खंगाला जा रहा है, ताकि हमलावरों के चेहरों की पहचान की जा सके और उनके भागने की दिशा का पता चल सके।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच आपसी रंजिश, लूटपाट या किसी अन्य विवाद की ओर इशारा कर रही है, लेकिन असली वजह आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की शिनाख्त जल्द से जल्द की जा सके।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it