Top
Begin typing your search above and press return to search.

अभिनेता इमरान खान का ओसीआई कार्ड रद्द करने को लेकर किरीट सोमैया ने एफआरआरओ और गृह मंत्रालय को लिखा पत्र

अभिनेता इमरान खान का 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (ओसीआई) कार्ड रद्द करने को लेकर विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भाजपा नेता किरीट सोमैया ने पत्र लिखा है। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में दी।

अभिनेता इमरान खान का ओसीआई कार्ड रद्द करने को लेकर किरीट सोमैया ने एफआरआरओ और गृह मंत्रालय को लिखा पत्र
X

मुंबई। अभिनेता इमरान खान का 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (ओसीआई) कार्ड रद्द करने को लेकर विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भाजपा नेता किरीट सोमैया ने पत्र लिखा है। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में दी।

किरीट सौमैया की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा गया, "मैंने एफआरआरओ और गृह मंत्रालय को लिखा कि इमरान खान का ओसीआई कार्ड रद्द कर दिया जाना चाहिए।" उनकी ओर से लिखे गए पत्र को भी सोशल मीडिया पर साझा किया गया है।"

किरीट सोमैया की ओर से पत्र में लिखा गया, "10 अक्टूबर को मुझे समाचार रिपोर्टों और मीडिया में चल रहे वीडियो से पता चला कि अमेरिका के नागरिक और 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (ओसीआई) कार्ड धारक इमरान खान ने मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित एक प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। यह प्रदर्शन 'हम भारत के लोग' समूह द्वारा किया गया था, जो भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सीजेपी के आंदोलन के समर्थन में था।"

भाजपा नेता ने पत्र में आगे लिखा, "इस सभा के लिए पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इमरान खान वहां मौजूद थे और उन्होंने कैमरे के सामने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मैं यहां एक नागरिक के तौर पर आया हूं, इसलिए मैं यहां हूं।" इसके बाद, मुंबई पुलिस ने अन्य प्रतिभागियों के साथ उन्हें भी हिरासत में ले लिया। उसी दिन, 10 अक्टूबर को मैंने मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त को इन तथ्यों की जानकारी दी और उनसे अनुरोध किया कि भारत में किसी राजनीतिक आंदोलन में हिस्सा लेने वाले विदेशी नागरिक के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।"

किरीट सौमैया ने पत्र में लिखा, "12 अक्टूबर को मैंने मुंबई के पुलिस आयुक्त और संयुक्त पुलिस आयुक्त को एक लिखित शिकायत सौंपी। साथ ही, मैंने गामदेवी पुलिस स्टेशन में भी एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।"

बता दें कि बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भांजे इमरान खान को मुंबई पुलिस ने 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है। इमरान खान पर इमिग्रेशन एंड फॉरेन एक्ट 7 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद की गई थी। पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया था।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it