Top
Begin typing your search above and press return to search.

सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों के लिए दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, रियाद एयरपोर्ट हमले के घायलों का दिया अपडेट

सऊदी अरब के रियाद हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में घायल चार भारतीय नागरिक अब भी आईसीयू में हैं, जबकि चार अन्य का सामान्य वार्ड में इलाज चल रहा है। तीन घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की।

सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों के लिए दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, रियाद एयरपोर्ट हमले के घायलों का दिया अपडेट
X

नई दिल्ली। सऊदी अरब के रियाद हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में घायल चार भारतीय नागरिक अब भी आईसीयू में हैं, जबकि चार अन्य का सामान्य वार्ड में इलाज चल रहा है। तीन घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की।

दूतावास के मुताबिक, हमले में जान गंवाने वाले मोहम्मद यूसुफ अली को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। 12 अक्टूबर को रियाद में उनके परिवार की इच्छा के अनुसार ऐसा किया गया। अंतिम संस्कार में भारत के राजदूत और दूतावास के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दूतावास के अधिकारी अस्पतालों में भर्ती घायल भारतीयों से लगातार मिल रहे हैं और उनके परिजनों के संपर्क में रहकर हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

एडवाइजरी में आगे लिखा गया कि दूतावास ने मौजूदा हालात को देखते हुए सऊदी अरब में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से शांत रहने और सतर्कता बरतने को कहा है। अपील की कि हवाई हमले की स्थिति में घरों के भीतर रहें और स्थानीय अधिकारियों की ओर से आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करें। भारतीय नागरिकों को मौजूदा घटनाक्रम से जुड़े वीडियो या खबरें साझा करने अथवा दोबारा प्रसारित करने से भी बचने की सलाह दी गई है।

दूतावास ने स्पष्ट किया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास, जेद्दा में भारतीय वाणिज्य दूतावास और वीएफएस के माध्यम से संचालित पासपोर्ट तथा दस्तावेज सत्यापन सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं।

हवाई यातायात पर जारी अपडेट के अनुसार, सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिचालन निलंबित करने की घोषणा की है। दम्माम, जेद्दा और मदीना जैसे अन्य प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानें जारी हैं, हालांकि वहां भी कुछ व्यवधानों का सामना करना पड़ रहा है।

दूतावास के मुताबिक, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद, दम्माम और जेद्दा आने-जाने वाली उड़ानें 17 अक्टूबर तक निलंबित कर दी हैं। 13 अक्टूबर को सऊदी समयानुसार दोपहर 1.45 बजे उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह स्थिति बताई गई है।

अकासा एयर ने रियाद और जेद्दा के लिए अपनी उड़ानें 17 अक्टूबर तक निलंबित की हैं। वहीं, इंडिगो ने रियाद, दम्माम, जेद्दा और मदीना के लिए आने-जाने वाली उड़ानों को 17 अक्टूबर तक रोक दिया है।

हालांकि, सऊदी अरब की विमानन कंपनी सऊदिया की निर्धारित उड़ानें दम्माम, जेद्दा और मदीना से जारी हैं। फ्लाइनास भी दम्माम-लखनऊ मार्ग पर निर्धारित उड़ानों का संचालन कर रही है।

दूतावास ने भारतीय यात्रियों को संबंधित एयरलाइंस के लगातार संपर्क में रहने और अपनी उड़ान की ताजा स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी है। आपात स्थिति में सऊदी अरब छोड़ने के इच्छुक भारतीय नागरिक पड़ोसी खाड़ी देशों, खासकर कतर और बहरीन के हवाई अड्डों से उपलब्ध उड़ानों का विकल्प भी देख सकते हैं। हालांकि, इसके लिए संबंधित देश के नियमों के अनुसार वैध वीजा प्राप्त करना जरूरी होगा।

वीजा को लेकर दूतावास ने बताया कि सऊदी अधिकारियों के अनुसार, यात्रा, पर्यटन, उमरा या व्यावसायिक वीजा पर वहां पहुंचे ऐसे भारतीय नागरिक, जो उड़ानें उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्धारित अवधि से अधिक रुकने को मजबूर हुए हैं, उन्हें बिना जुर्माना दिए देश छोड़ने की अनुमति होगी। हालांकि, जिनके वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी है, उन्हें उड़ानें उपलब्ध होते ही जल्द से जल्द सऊदी अरब छोड़ने की सलाह दी गई है।

दूतावास ने बदलते हालात के बीच भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए 24 घंटे और सातों दिन काम करने वाला कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। इसके साथ ही भारतीय समुदाय से सोशल मीडिया पर उसके आधिकारिक खातों को फॉलो करने और ताजा जानकारी के लिए केवल प्रमाणित स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की गई है।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it