दिल्ली-एनसीआर में दीपावली पर चलाए जा सकेंगे ग्रीन पटाखे: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने दीपावली के मौके पर दिल्ली-एनसीआर में ग्रीन पटाखों की बिक्री और उन्हें चलाने की अनुमति दे दी है.

दिल्ली-एनसीआर में दीपावली पर चलाए जा सकेंगे ग्रीन पटाखे: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने दीपावली से पहले सीमित अवधि के लिए दिल्ली-एनसीआर में सर्टिफाइड ग्रीन पटाखों के निर्माण, बिक्री और उन्हें चलाने की अनुमति दे दी है. हालांकि, दीपावली के बाद 9 नवंबर, 2026 से पटाखों पर पूरी तरह से प्रतिबंध फिर लागू हो जाएगा.
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की बेंच ने 7 नवंबर को सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक और 8 नवंबर को सुबह सात बजे से रात 10 बजे के बीच पटाखे चलाने की अनुमति दी है.
अदालत ने उन पटाखा व्यापारियों के लाइसेंस भी अस्थायी रूप से बहाल कर दिए हैं जिनके लाइसेंस रद्द कर दिए गए थे. इस आदेश से उन्हें 4 से 6 नवंबर के बीच सर्टिफाइड ग्रीन पटाखे बेचने की अनुमति मिल गई है.
कोर्ट ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है कि केवल सीएसआईआर-एनईआरआई द्वारा स्वीकृत हरित पटाखे ही बेचे जाएं और पारंपरिक पटाखों को ग्रीन पटाखों की आड़ में बाजार में बिकने ना दिया जाए.
यूरोप के कई देशों में सुपरमार्केटों पर साइबर अटैक
यूरोप के कई देशों जैसे बेल्जियम, स्वीडन, एस्टोनिया, नीदरलैंड्स, लक्जमबर्ग और आयरलैंड में साइबर अटैक का मामला सामने आया है. इस साइबर हमले के कारण कई सुपरमार्केट के फ्रिज और फ्रीजर सिस्टम प्रभावित हुए, जिससे बड़ी मात्रा में खाने-पीने का सामान खराब होने की आशंका है.
बेल्जियम के सेंटर फॉर साइबर सिक्योरिटी ने भी सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम (सीसीबी) को निशाना बनाए जाने की घटना की पुष्टि की है. सीसीबी की प्रवक्ता कैट्रियन एगर्स ने बेल्जियम की समाचार एजेंसी बेलगा से कहा कि संगठन इस घटना से अवगत है, हालांकि फिलहाल उनके पास इससे जुड़ी अतिरिक्त जानकारी नहीं है.
समाचार एजेंसी एपी की खबर के मुताबिक, हैकर्स ने सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम को निशाना बनाया और कुछ जगहों पर फ्रिज और फ्रीजर का तापमान बढ़ाकर 50 डिग्री सेल्सियस तक कर दिया. इसके चलते कई स्टोर्स को खराब हो चुके खाद्य पदार्थों को हटाना पड़ा.
पिछले महीने फ्रांस में भी इसी तरह का साइबर हमला हुआ था. 12 अक्टूबर को इंटरमार्चे और कोऑपरेटिव यू सुपरमार्केट चेन के सैकड़ों स्टोर साइबर हमले का शिकार हुए थे. हैकर्स ने इन स्टोर्स के रेफ्रिजरेशन सिस्टम को निशाना बनाया था, जिससे फ्रिज और फ्रीजर की व्यवस्था प्रभावित हुई थी.
भारत में अक्टूबर में सात गुना से ज्यादा बढ़ा चीनी का उत्पादन
भारत में अक्टूबर 2025 के मुकाबले अक्टूबर 2026 में चीनी का उत्पादन 745 फीसदी बढ़ गया. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि महाराष्ट्र में चीनी मिलों ने त्योहारी मौसम में आपूर्ति बढ़ाने के लिए समय से पहले ही गन्ने से चीनी बनाना शुरू कर दिया. एक प्रमुख उद्योग निकाय ने सोमवार को न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को यह जानकारी दी.
नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज ने एक बयान में कहा कि अक्टूबर 2025 में एक लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ था. वहीं, अक्टूबर 2026 में 8.45 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ. महाराष्ट्र जो चीनी उत्पादन के मामले में देश में अव्वल है, उसने बीते अक्टूबर में 7.20 लाख टन चीनी का उत्पादन किया.
आपूर्ति सीमित होने की वजह से भारत में चीनी के दामों में बढ़ोतरी हुई है. इसके चलते भारत सरकार ने 10 लाख मीट्रिक टन चीनी के शुल्क रहित आयात को अनुमति दी है. सरकार ने मिलों से यह अपील भी की थी कि वे इस साल समय से पहले ही गन्ने से चीनी बनाना शुरू कर दें.
पीएम मोदी बोले, भारत स्वच्छ ऊर्जा में निवेश नहीं करता तो गंभीर हो सकता था संकट
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार, 2 नवंबर को राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में 'भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026' का उद्घाटन किया और उसे संबोधित किया. उन्होंने कहा कि यह समिट विशेष परिस्थितियों में हो रहा है और इस साल नवीकरणीय ऊर्जा का महत्व और अधिक स्पष्ट हो गया है.
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में वैश्विक अर्थव्यवस्था ने कोरोना महामारी और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध जैसे कई बड़े संकटों का सामना किया है और भारत ने इन चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना किया है. उन्होंने कहा, “अगर भारत ने ग्रीन एनर्जी में निवेश नहीं किया होता तो हमारे सामने संकट और भी गंभीर हो सकता था.”
उन्होंने आगे कहा कि वे चाहते हैं कि देश के ज्यादा से ज्यादा परिवारों के पास इलेक्ट्रिक व्हीकल का विकल्प हो और लोग अपनी स्कूटी और बाइक को घर में ही सोलर पैनल से बनी बिजली से चार्ज कर सकें. उन्होंने हर सरकारी इमारत, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और स्ट्रीट लाइट के पूरे सिस्टम को सोलर एनर्जी से जोड़ने की उम्मीद भी जताई.
उत्तराखंड हादसे के बाद हेलीकॉप्टरों के लिए सेफ्टी फ्रेमवर्क बनाने की मांग उठी
उत्तराखंड के जोशीमठ में हुए हेलीकॉप्टर हादसे के बाद फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (एफआईपी) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नेशनल हेलिकॉप्टर सेफ्टी फ्रेमवर्क बनाने की मांग की है. इस पत्र में पूरे भारत में हो रहे हेलीकॉप्टर संचालन की तत्काल और व्यापक समीक्षा और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा सुरक्षा निगरानी में बढ़ोतरी किए जाने की भी मांग की गई है.
पत्र में कहा गया है कि कई जोखिम भरे पहाड़ी स्थानों पर सिंगल-इंजन वाले हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है जिनमें ऑटो-पायलट या मौसम रडार की सुविधा नहीं होती है. फेडरेशन ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से एक राष्ट्रीय हेलीकॉप्टर सुरक्षा समीक्षा समिति बनाने की अपील की है. इस समिति में डीजीसीए, एएआईबी, एफआईपी, हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों और तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल करने की मांग की है.
बीते 30 अक्टूबर को बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ में हादसे का शिकार हो गया था. इस हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई थी. यह हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन का था और उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद रडार से इसका संपर्क टूट गया था. हेलीकॉप्टर एक ऊबड़-खाबड़ और ऊंचाई वाले इलाके में क्रैश हुआ था, जिससे बचाव दलों को शवों को लाने के लिए 12 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा.
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी खुली बहस की चुनौती
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार, 2 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने मोदी पर विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बनने का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं.”
राहुल ने आगे लिखा, “आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में और समर्थन से है. विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है.” उन्होंने इस मुद्दे पर पीएम मोदी को खुली बहस करने की चुनौती दी. उन्होंने लिखा, “मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं. कोई भी मंच, किसी भी समय. हिम्मत है तो आइए.”
इससे पहले शनिवार, 31 अक्टूबर को गुजरात के नर्मदा नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष की आलोचना की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्ष विरोध करने के बजाय अवरोध डाल रहा है.
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा था कि कुछ ताकतें लगातार देश को बांटने की साजिशों में लगी हुई हैं. उन्होंने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था, “विदेश में कौन गुप्त रूप से किस से मिल रहा है. भारत विरोधी ताकतें किसका समर्थन कर रही हैं. कौन भारत के दुश्मनों की भाषा बोल रहा है.”
किमी एंटोनेली बने सबसे कम उम्र के फॉर्मूला-1 वर्ल्ड चैंपियन
इटली के 20 साल के किमी एंटोनेली ने रविवार, 1 नवंबर को इतिहास रच दिया. वह फॉर्मूला-1 के सबसे कम उम्र के वर्ल्ड चैंपियन बन गए. रविवार को मैक्स वर्स्टापेन और लुईस हैमिल्टन के बाद तीसरे स्थान पर रहते हुए उन्होंने यह खिताब जीता. इसी के साथ किमी साल 1953 के बाद वर्ल्ड चैंपियन बनने वाले पहले इटैलियन ड्राइवर भी बन गए.
किमी ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर ली है. इटली के किमी एंटोनेली ने कहा, "यह सीजन शानदार रहा है. मैक्स और लुईस के साथ पोडियम साझा करना मेरे लिए बहुत खास है. मैं भविष्य में उनके साथ और मुकाबले करने का इंतजार कर रहा हूं."
इससे पहले सबसे कम उम्र में वर्ल्ड चैंपियन बनने का रिकॉर्ड जर्मनी के सेबेस्टियन वेटल के नाम था. उन्होंने 23 साल की उम्र में यह खिताब जीता था. किमी एंटोनेली ने मैक्सिको सिटी ग्रां प्री की शुरुआत चौथे स्थान से की थी. उन्हें फॉर्मूला-1 का वर्ल्ड चैंपियन बनने के लिए इस रेस में कम से कम नौवां स्थान हासिल करना जरूरी था.
अमेरिका के फ्लोरिडा में प्राइवेट जेट क्रैश, विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत
अमेरिका के फ्लोरिडा में पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में एक प्राइवेट जेट रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया. घटना रविवार, 1 नवंबर की है. इस हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई. समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, लेयरजेट 60 बिजनेस विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था.
विमान जब करीब 35,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी पायलटों ने हवा में तेज झटकों, विमान पर बर्फ जमने और बारिश की सूचना दी. इसके बाद उन्होंने विमान को 2,000 फीट और ऊपर ले जाने की अनुमति मांगी.
एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग और फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान तेजी से नीचे गिरने लगा और सड़क के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग में पायलटों को इमरजेंसी की सूचना देते और विमान को संभालने की कोशिश करते सुना गया.
हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके से करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. फिलहाल जमीन पर किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए अमेरिकी नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने जांच शुरू कर दी है.
राम मंदिर दान चोरी मामला: चार्जशीट दाखिल होने पर सुप्रीम कोर्ट ने बंद की निगरानी
अयोध्या राम मंदिर में दान राशि की कथित चोरी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अपनी निगरानी समाप्त कर दी. उत्तर प्रदेश सरकार ने अदालत को बताया कि मामले की जांच पूरी कर ली गई है और आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने संबंधित न्यायिक मजिस्ट्रेट को कानून के मुताबिक सुनवाई आगे बढ़ाने का निर्देश दिया.
चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने स्पष्ट किया कि उसने आरोपों के गुण-दोष पर कोई राय नहीं दी है और उसका आदेश किसी भी पक्ष को प्रभावित नहीं करेगा. अदालत ने जनहित को देखते हुए याचिकाकर्ताओं को भी ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही में सहायता करने की अनुमति दी और इसके साथ ही याचिका तथा संबंधित मामलों का निस्तारण कर दिया.
राजस्थान: झुंझुनूं हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, आर्थिक मदद की घोषणा
राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी इलाके के चापोली गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई लोग इस हादसे में झुलस गए हैं. इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया. इसके साथ ही उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले पीड़ित के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.
प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "राजस्थान के झुंझुनूं में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से दुखी हूं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं. घायल लोग जल्द स्वस्थ हो. जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे."
पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब सड़क निर्माण के दौरान बजरी मिलाने वाली एक मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई मशीन में बिजली का करंट फैल गया, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए. मृतक मंडावरा और छापोली के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वहीं, पांच घायलों में तीन महिलाएं शामिल हैं.
इंडियन नेवी के लिए 53,866 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जाएंगे आठ कॉर्वेट युद्धपोत
भारतीय नौसेना की समुद्री ताकत बढ़ाने के लिए देश में आठ अत्याधुनिक अगली पीढ़ी के कॉर्वेट युद्धपोत बनाए जाएंगे. रक्षा मंत्रालय ने इन युद्धपोतों के निर्माण और खरीद के लिए गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) और गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जीएसएल) के साथ कुल 53,866 करोड़ रुपये के करार किए हैं.
2 नवंबर को नई दिल्ली के कर्तव्य भवन-2 में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में इन करारों पर हस्ताक्षर किए गए. इन युद्धपोतों में आधुनिक मिसाइलों, हथियारों और सेंसर प्रणालियों से लैस अत्याधुनिक क्षमताएं होंगी. इनकी मदद से नौसेना हवा, समुद्र की सतह और समुद्र के भीतर मौजूद खतरों से निपट सकेगी.
ये युद्धपोत तटीय सुरक्षा मजबूत करने, समुद्र के किनारे उथले इलाकों में सैन्य अभियान चलाने और समुद्री क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने में भी मदद करेंगे. न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, यह पहली ऐसी परियोजना है, जिसमें भारतीय नौसेना के स्वदेशी डिजाइन पर आधारित युद्धपोतों का निर्माण रक्षा क्षेत्र की सार्वजनिक कंपनियों द्वारा किया जाएगा.
प्रदूषित हुई दिल्ली की हवा, कई इलाकों में एक्यूआई 350 के पार
दिल्ली में सोमवार, 2 नवंबर को हवा बेहद प्रदूषित रही. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, अक्षरधाम मंदिर और आईटीओ के आसपास का एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 349 रहा, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है. रोहिणी, अलीपुर, विवेक विहार और नरेला जैसे इलाकों में एक्यूआई 350 से 400 के बीच रहा.
इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के पास एक्यूआई 263 और आनंद विहार में 242 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है. बुराड़ी, उत्तम नगर, मंदिर मार्ग और पूसा जैसे इलाकों में एक्यूआई 300 से 350 के बीच दर्ज किया गया. चांदनी चौक, नॉर्थ कैंपस, द्वारका सेक्टर-8 में एक्यूआई 350 से अधिक दर्ज किया गया.
इस बीच प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली में 1 नवंबर से विंटर एक्शन प्लान के तहत कई अस्थायी प्रतिबंध लागू किए गए हैं. इसके तहत, दिल्ली में निर्माण और विध्वंस की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा. दिल्ली में बीएस-6 उत्सर्जन मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों को एंट्री भी नहीं मिलेगी.
अर्नब के बाद मुरसु, हफ्ते भर में भारत से टकराएगा दूसरा चक्रवाती तूफान
हफ्ते भर के भीतर दूसरा चक्रवाती तूफान भारत के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, गंभीर चक्रवाती तूफान मुरसु सोमवार रात या मंगलवार तड़के आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट को पार करेगा. इससे आंध्र प्रदेश और पड़ोसी राज्य तमिलनाडु में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
इससे पहले पिछले बुधवार को यानी 28 अक्टूबर को चक्रवात अर्नब आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था. उस दौरान भी राज्य में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई थी. चक्रवात अर्नब के बाद आंध्र प्रदेश में अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की मौत भी हुई थी. हवा की रफ्तार के मामले में मुरसु, अर्नब की तुलना में कमजोर रह सकता है, हालांकि इसके साथ होने वाली बारिश पहले से प्रभावित इलाकों में स्थिति को और गंभीर बना सकती है.
आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब के आने से पहले करीब 1.80 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था. अब मुरसु के आने से पहले भी करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना है. आंध्र प्रदेश के राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने सोमवार को न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि करीब दो हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है और प्रक्रिया जारी है.


