Top
Begin typing your search above and press return to search.

बकरीद पर गाजियाबाद के किशोर की हत्या, मां ने मुख्य आरोपी के खिलाफ की सख्त कार्रवाई की मांग

पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में कहासुनी के बाद एक 17 वर्षीय किशोर की उसके दोस्त ने चाकू मारकर हत्या कर दी।

बकरीद पर गाजियाबाद के किशोर की हत्या, मां ने मुख्य आरोपी के खिलाफ की सख्त कार्रवाई की मांग
X

गाजियाबाद। पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में कहासुनी के बाद एक 17 वर्षीय किशोर की उसके दोस्त ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पीड़ित की पहचान सूर्या चौहान के रूप में हुई है। उसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की मां और बहन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह घटना गुरुवार को हुई थी जबकि सूर्या की मौत शुक्रवार को इलाज के दौरान हुई।

सूर्या खोड़ा कॉलोनी के एक प्राइवेट स्कूल में 11वीं क्लास का छात्र था। उसके बड़े भाई यश द्वारा खोड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के बाद इस मामले में एक एफआईआर दर्ज की गई।

गाजियाबाद पुलिस ने एफआईआर में नामजद चार आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरहान, आसिफ और नवाब के रूप में हुई है। फरहान मुख्य आरोपी असद का पिता है। पुलिस की टीमें असद का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं।

अपना दुख व्यक्त करते हुए सूर्य की मां सरोज ने आईएएनएस से ​​कहा, "मैं चाहती हूं कि उसे भी मार दिया जाए। जिस तरह उसने मेरे बेटे को मारा, मैं उसके लिए भी वैसी ही सजा चाहती हूं। मैंने 28 मई के बाद से अपने बेटे का चेहरा भी नहीं देखा है। मेरे दो बेटे और एक बेटी है। हालांकि, मेरा बड़ा बेटा दिव्यांग है। मुझे उम्मीद थी कि मेरा छोटा बेटा मेरा सहारा बनेगा लेकिन अब उसे भी हमसे छीन लिया गया है।"

सूर्या की बहन ने आईएएनएस से ​​कहा, "हमें शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे इस घटना की जानकारी मिली। हमें एक कॉल आया जिसमें बताया गया कि किसी ने मेरे छोटे भाई को चाकू मार दिया है और हमें तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए। मैं उस समय अपने ससुराल में थी और अपने भाई का चेहरा भी नहीं देख पाई। हमें अभी तक उसका शव भी नहीं मिला है।"

उसने असद पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा, "असद ने ही मेरे भाई को चाकू मारा था। मेरे भाई और असद के बीच करीब आठ महीने पहले एक छोटी सी कहासुनी हुई थी लेकिन हमने कभी सोचा भी नहीं था कि वह इस तरह की कोई हरकत करेगा।"

उसके अनुसार, असद ने ईद के मौके पर सूर्य को मिलने के लिए बुलाया था। उसने बताया, "हमें लगा कि यह एक आम मुलाकात है और हमने किसी भी तरह की साजिश का कोई शक नहीं किया। हालांकि, असद अकेला नहीं था; उसके साथ सात-आठ लोग और भी थे। मेरा भाई सिर्फ 17 साल का था। हमारे पिता अब हमारे साथ नहीं हैं और अब हमने अपने भाई को भी खो दिया है। अब हमारे पास कोई नहीं बचा।"

इंसाफ की मांग करते हुए उसने कहा, "जिस तरह से मेरे भाई की हत्या की गई, आरोपी का भी वही हश्र होना चाहिए। हम उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं। असद अभी भी फरार है और हम चाहते हैं कि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।"

एक स्थानीय व्यक्ति ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हमारी मांग है कि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिले, बच्चे के हत्यारों का एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए।"

एक अन्य ने बताया "जो वीडियो सामने आए थे, जिनमें गलियों का सीसीटीवी फुटेज भी शामिल था। उन्हें या तो डिलीट कर दिया गया है या हटा दिया गया है क्योंकि यह पूरा इलाका मुस्लिम-बहुल है और लोगों ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग साझा करने से इंकार कर दिया है।"

वहीं, भाजपा नेता रीना भाटी ने कहा, "हम तो बस इतना कह रहे हैं कि खोड़ा नगर पालिका परिषद में हमने पहले कभी इस तरह के बर्ताव का सामना नहीं किया। मुस्लिम समाज के लोगों को भी हमारा साथ देना चाहिए।"



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it