Top
Begin typing your search above and press return to search.

त्योहारों की भीड़ को देखते हुए सेंट्रल रेलवे का फैसला, 5 प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी रोक

दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सेंट्रल रेलवे ने अपने मंडल के पांच प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। यह प्रतिबंध 5 नवंबर 2026 से 15 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा।

त्योहारों की भीड़ को देखते हुए सेंट्रल रेलवे का फैसला, 5 प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी रोक
X

मुंबई। दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सेंट्रल रेलवे ने अपने मंडल के पांच प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। यह प्रतिबंध 5 नवंबर 2026 से 15 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, त्योहारों के दौरान स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, दादर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, ठाणे और कल्याण रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

हालांकि, रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार वरिष्ठ नागरिकों, बीमार यात्रियों, बच्चों और महिला यात्रियों की सहायता के लिए आने वाले लोगों को प्लेटफॉर्म टिकट जारी किए जाएंगे।

सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और स्टेशन परिसरों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे अधिकारियों का सहयोग करें।

त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं कर रहा है। गुजरात में दीपावली और छठ के मद्देनजर 70 से अधिक स्पेशल ट्रेन ट्रिप संचालित की जा रही हैं। अहमदाबाद, साबरमती और असरवा स्टेशनों पर कुल 110 अतिरिक्त आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई है। इनमें 55 जवान अहमदाबाद, 40 साबरमती और 15 असरवा स्टेशन पर लगाए गए हैं। अहमदाबाद स्टेशन पर रेलवे प्रोटेक्शन स्पेशल फोर्स की एक अतिरिक्त कंपनी भी तैनात की गई है।

रेलवे ने तीनों स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए हैं, जहां यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से रखा जाएगा और निर्धारित समय पर कतारबद्ध होकर प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया जाएगा। महिलाओं, दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को प्राथमिकता दी जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अहमदाबाद स्टेशन पर 119 और साबरमती स्टेशन पर 121 सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं। इसके अलावा 60 अतिरिक्त कैमरे लगाने का प्रस्ताव भी भेजा गया है। सीसीटीवी कंट्रोल रूम में 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं तथा कई नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it