Top
Begin typing your search above and press return to search.

अब 1 जून से शुरू होगा सीबीएसई 12वीं का री-इवैल्यूएशन पोर्टल, बोर्ड ने जारी किया बड़ा अपडेट

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बोर्ड परीक्षा परिणामों के बाद होने वाली गतिविधियों को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। पोस्ट-रिजल्ट एक्टिविटीज पोर्टल अब 1 जून 2026 से शुरू किया जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह कदम उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने के लिए है।

अब 1 जून से शुरू होगा सीबीएसई 12वीं का री-इवैल्यूएशन पोर्टल, बोर्ड ने जारी किया बड़ा अपडेट
X

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बोर्ड परीक्षा परिणामों के बाद होने वाली गतिविधियों को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। पोस्ट-रिजल्ट एक्टिविटीज पोर्टल अब 1 जून 2026 से शुरू किया जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह कदम उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने के लिए है।

दरअसल, इस वर्ष कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ प्रणाली के जरिए किया गया है। परीक्षा परिणाम आने के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने रिजल्ट के प्रति असंतोष व्यक्त किया है। लाखों छात्रों ने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन व स्कैन कॉपी के लिए भी आवेदन किया है।

बता दें कि इस वर्ष कक्षा 12वीं की परीक्षा में लगभग 18 लाख छात्र शामिल हुए थे। लगभग 98 लाख उत्तर पुस्तिकाएं और लगभग 40 करोड़ पृष्ठ स्कैन किए गए हैं। वहीं अब तक, लगभग चार लाख छात्रों ने पोर्टल के माध्यम से लगभग 11 लाख स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाओं तक पहुंच प्राप्त की। सीबीएसई ने 12वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिका के मूल्यांकन व पुनर्मूल्यांकन व्यवस्था को लेकर छात्रों व अभिभावकों की अपनी चिंता व्यक्त की है। छात्रों को पुनर्मूल्यांकन के लिए फीस जमा करवाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। वहीं, अनेक छात्रों का यह भी कहना है कि जो उत्तर पुस्तिका उन्हें दिखाई गई है वह असल में उनकी है ही नहीं।

सीबीएसई ने शुक्रवार को कहा कि कई छात्र परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अपनी उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन, अंकों की पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करना चाहते हैं। ऐसे छात्रों की सुविधा और प्रक्रिया की विश्वसनीयता को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने पोर्टल संचालन की तारीख तय की है। बोर्ड का कहना है कि इस दौरान मूल्यांकन से जुड़े सभी मानकों और प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि छात्रों को निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था मिल सके।

बोर्ड के अनुसार, पोर्टल शुरू होने के बाद छात्र ऑनलाइन माध्यम से अपनी उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य छात्रों को उनके प्राप्त अंकों को लेकर किसी भी प्रकार की शंका की स्थिति में उचित अवसर उपलब्ध कराना है। सीबीएसई ने यह भी कहा कि यदि किसी छात्र या अभिभावक को परिणाम, सत्यापन प्रक्रिया या पुनर्मूल्यांकन से जुड़ी कोई जानकारी चाहिए तो वे सीबीएसई टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन 1800 11 8004 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ईमेल के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सीबीएसई मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की थी। इसमें कक्षा 12वीं की परीक्षाओं के मूल्यांकन और परिणामोत्तर प्रक्रियाओं से संबंधित मुद्दों की समीक्षा की गई थी।

शिक्षा मंत्री ने गुरुवार को अधिकारियों को निर्देश दिया था कि छात्रों की समस्याओं का समय पर, पारदर्शी और छात्र-हितैषी तरीके से समाधान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएं। केंद्रीय मंत्री ने छात्र सहायता प्रणालियों को मजबूत करने, मूल्यांकन और निगरानी ढांचे में सुधार करने, सीबीएसई डिजिटल प्लेटफॉर्म को बेहतर बनाने की बात कही। साथ ही उन्होंने परिणामोत्तर सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it