बीजेपी की नई टीम में बड़ा बदलाव, Gen Z कनेक्शन पर फोकस; तेजस्वी सूर्या और अमित मालवीय की छुट्टी
अमित मालवीय ने नई नियुक्तियों के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पार्टी की नई टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खास तौर पर दीपक म्हस्के को आईटी सेल की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को नई कमेटी की घोषणा की। इसमें युवा मोर्चा और आईटी सेल से जुड़े कई अहम चेहरों को बदला गया है। तेजस्वी सूर्या की जगह हेमांग जोशी को भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि लंबे समय से बीजेपी के आईटी सेल की कमान संभाल रहे अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा संजय मयूख को मीडिया सेल के सह-संयोजक पद से हटाया गया है। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को अब मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन में हुए इन बदलावों को बीजेपी की आगामी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
तेजस्वी सूर्या की जगह हेमांग जोशी
तेजस्वी सूर्या लंबे समय से युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे थे। हालांकि, हालिया Gen Z आंदोलन के दौरान बीजेपी युवा मोर्चा की सक्रियता को लेकर सवाल उठे। युवाओं के बीच चले इस आंदोलन के दौरान युवा मोर्चा अपेक्षित तरीके से मैदान में दिखाई नहीं दिया। इसके बाद संगठन में बदलाव की जरूरत महसूस किए जाने की चर्चा तेज हुई। बीजेपी अब युवा वोटरों और खासकर Gen Z के साथ संवाद बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। अगले साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए युवा मतदाताओं को पार्टी से जोड़ना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल माना जा रहा है।
कौन हैं दीपक म्हस्के?
दीपक म्हस्के छत्तीसगढ़ से जुड़े बीजेपी नेता हैं। वह पहले पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं और संगठनात्मक तथा मीडिया गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। हाल के वर्षों में उन्हें छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन यानी CGMSC का अध्यक्ष भी बनाया गया था। अब उन्हें बीजेपी के आईटी और सोशल मीडिया से जुड़े महत्वपूर्ण काम की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में डिजिटल कम्युनिकेशन को नई दिशा मिलेगी।
अमित मालवीय ने दी नई टीम को शुभकामनाएं
अमित मालवीय ने नई नियुक्तियों के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पार्टी की नई टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खास तौर पर दीपक म्हस्के को आईटी सेल की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। मालवीय ने कहा कि पिछले एक दशक में उन्होंने नई टीम के कई सदस्यों के साथ करीब से काम किया है और उन्हें भरोसा है कि नए नेतृत्व में बीजेपी डिजिटल कम्युनिकेशन की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। उन्होंने अपने समर्थकों और साथियों का भी आभार जताया और कहा कि संगठन के इस उतार-चढ़ाव भरे सफर में वे उनके साथ मजबूती से खड़े रहे।
Gen Z के बीच नैरेटिव मजबूत करने की चुनौती
बीजेपी की नई टीम में बदलाव ऐसे समय हुआ है जब सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर Gen Z का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। हालिया आंदोलन के दौरान बीजेपी का डिजिटल नैरेटिव पहले की तुलना में कमजोर नजर आने की चर्चा रही। पार्टी लंबे समय से सोशल मीडिया के जरिए राजनीतिक नैरेटिव को प्रभावित करने के लिए जानी जाती रही है, लेकिन इस बार विपक्ष और युवा समूहों के डिजिटल कैंपेन का प्रभाव अधिक दिखाई दिया। ऐसे में पार्टी के सामने चुनौती सिर्फ युवाओं तक पहुंचने की नहीं, बल्कि उनकी भाषा और डिजिटल संस्कृति के अनुरूप संवाद तैयार करने की भी है। पीएम मोदी ने भी युवाओं के लिए कई घोषणाएं की हैं। अब इन योजनाओं और संदेशों को युवाओं तक पहुंचाने की जिम्मेदारी नई टीम पर होगी।
तेजस्वी सूर्या के लिए आगे क्या?
तेजस्वी सूर्या को युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। पार्टी के भीतर यह अटकलें हैं कि उन्हें भविष्य में केंद्र सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। कुल मिलाकर बीजेपी का यह संगठनात्मक बदलाव सिर्फ चेहरों की अदला-बदली नहीं, बल्कि युवाओं, सोशल मीडिया और डिजिटल नैरेटिव पर नए सिरे से फोकस करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले चुनावों में यह नई टीम पार्टी के इस लक्ष्य को जमीन पर कितना प्रभावी बना पाती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।


