इमरान खान समेत 400 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर, मुंबई में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लिया था हिरासत में
बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान एक बार फिर चर्चा में हैं। मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक प्रदर्शन के सिलसिले में उनके और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह प्रदर्शन दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर था।

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान एक बार फिर चर्चा में हैं। मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक प्रदर्शन के सिलसिले में उनके और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह प्रदर्शन दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर था।
पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान मुंबई में 400 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें इमरान खान भी शामिल थे।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दक्षिण मुंबई के गामदेवी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223, 126(2), 189(2), 189(3), और 189(5) के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं आदेश की अवहेलना, गलत तरीके से रोकने और गैरकानूनी जमावड़े से जुड़े मामलों में लगाई जाती हैं। इस मामले में पुलिसकर्मी खुद शिकायतकर्ता बने हैं।
शनिवार को हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान ने सोशल मीडिया पर पुलिस वैन के अंदर से अपनी एक तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।'
उनकी इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा। इस दौरान एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें इमरान पुलिसकर्मियों से 'जय हिंद' कहते सुनाई दिए।
एक अन्य वीडियो में इमरान ने अपनी हिरासत को लेकर हैरानी जताई। उन्होंने कहा, ''मुझे सच में नहीं पता कि मुझे यहाँ क्यों लाया गया है। उन्होंने हम सभी को सड़कों से उठाया और वैन में बैठने के लिए कहा।'' इमरान ने बताया कि रिहा किए जाने से पहले उन्हें और अन्य लोगों को पुलिस वैन में करीब दो घंटे तक घुमाया गया।
पुलिस वैन में बैठने से पहले इमरान खान ने प्रदर्शन में शामिल होने की वजह भी बताई थी। उन्होंने कहा, ''मेरी कोई मांग नहीं है। मेरी ऐसी कोई हैसियत नहीं है कि मैं लोगों से कुछ मांगूं। मैं किसी संगठन का हिस्सा भी नहीं हूं, इसलिए किसी के प्रतिनिधि के तौर पर बात नहीं कर रहा हूं।''
इस प्रदर्शन के दौरान इमरान खान के साथ उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन और उनकी कजिन जायन मैरी खान को भी अगस्त क्रांति मैदान से हिरासत में लिया गया था। दोनों ने भी सोशल मीडिया पर पुलिस वैन के अंदर से लगातार अपडेट साझा किए।
बता दें कि यह प्रदर्शन दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर है। प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्ति जताई।


