नासूर बने मिलावट को करेंगे नेस्तनाबूद : कमलनाथ
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि नासूर बनी मिलावट की समस्या को राज्य सरकार हर हाल में नेस्तनाबूद करके रहेगी

भोपाल । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि नासूर बनी मिलावट की समस्या को राज्य सरकार हर हाल में नेस्तनाबूद करके रहेगी।
कमलनाथ ने सिलसिलवार ट्वीट में कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिये निरंतर कड़े क़दम उठा रहे है। मिलावट एक नासूर है, इसे हर हाल में नेस्तनाबूद करके रहेंगे।
उन्होंने कहा कि दूध व दूध उत्पादक पदार्थों से शुरू हुआ मिलावट के ख़िलाफ़ अभियान सतत जारी है। प्रदेश को मिलावट मुक्त बनाने तक यह अभियान जारी रहेगा। प्रदेश में मिलावट के प्रतिदिन के ख़ुलासे से इसकी भयावह तस्वीर सामने आती जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किस प्रकार थोड़े से स्वार्थ व मुनाफ़े की ख़ातिर लोगों के स्वास्थ्य के साथ जमकर खिलवाड़ किया जा रहा है। आश्चर्य इस बात का है कि इस गोरखधंधे को रोकने के लिये कोई ठोस प्रयास पहले नहीं हुए। अन्यथा यह मर्ज़, जो आज एक गंभीर बीमारी बन चुका है, बन नहीं पाता।


