Top
Begin typing your search above and press return to search.

फाफामार, मेटेपार और बादराटोला में नलजल योजना स्वीकृत

ग्राम फाफामार, मेटेपार और बादराटोला में नलजल योजनाएँ स्वीकृत की गई हैं

फाफामार, मेटेपार और बादराटोला में नलजल योजना स्वीकृत
X

राजनांदगांव। ग्राम फाफामार, मेटेपार और बादराटोला में नलजल योजनाएँ स्वीकृत की गई हैं। छुरिया विकासखंड के ग्राम गैंदाटोला में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों की माँग पर यह निर्णय कलेक्टर भीम सिंह ने लिया। उन्होंने कहा कि लोक सुराज अभियान में सबसे ज्यादा प्राथमिकता शुद्ध पेयजल को दी जा रही है।

जहाँ हैंडपंप की जरूरत है वहाँ स्थल परीक्षण कर हैंडपंप उपलब्ध कराये गय हैं। राइजर पाइप की जरूरत पड़ने पर राइजर पाइप उपलब्ध कराये गए हैं। कलेक्टर ने इस मौके पर बताया कि छुरिया विकासखंड में किसानों को सूखा राहत की राशि 24 करोड़ रुपए शासन की ओर से दी गई है। इसमें से 22 करोड़ 95 लाख रुपए बैंकों को उपलब्ध कराये जा चुके हैं।

बैंक अब तक 37500 किसानों को 21 करोड़ रुपए की राशि वितरित कर चुके हैं। कुछ किसानों के खाता नंबर सही नहीं होने के कारण तथा कुछ अन्य तकनीकी कमियाँ होने के कारण इन्हें दोबारा बैंकों को प्रेषित किया गया है और अगले दस दिनों में इनका भी भुगतान कर दिया जाएगा।

गाँव में नहीं होने के कारण कुछ किसानों के खाते नहीं मिल पाए हैं। इन किसानों तक पहुँचने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सूखा राहत राशि के साथ फसल बीमा की राशि से किसानों को काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस बार किसानों ने आधुनिक खेती के ेिलए लोक सुराज अभियान में सौर सुजला की माँग की है। आधुनिक कृषि उपकरणों की मांग की है जिसमें कृषि विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए किसानों को यह साधन उपलब्ध कराये हैं। यह किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में बड़ा कदम है।

विकसित कृषि उपकरणों का लाभ केवल किसान को ही नहीं, अपितु निकटस्थ अन्य किसान भाइयों को भी होता है। लोक सुराज अभियान के दौरान गैंदाटोला क्लस्टर में किसानों ने ट्रैक्टर, थ्रैसर तथा रोटावेयर की माँग की थी। महीने भर के भीतर ही कार्रवाई पूरी कर ली गई है और शिविर के मौके पर ही इन्हें हितग्राहियों को उपलब्ध करा दिया गया। ग्राम केशोखैरी के छतर सिंह ने ट्रैक्टर की माँग की थी, उन्हें इसके लिए एक लाख 25 हजार रुपए का अनुदान कृषि विभाग की ओर से दिया गया।

कलेक्टर भीम सिंह ने छतर सिंह से पूछा, कैसा महसूस कर रहे हैं, छतर सिंह ने बताया कि इतनी जल्दी ट्रैक्टर मिल जाएगा, सोचा नहीं था, इसलिए अभी चलाना भी नहीं सीख पाया हूँ। इस मौके पर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, पूर्व विधायक राजिंदरपाल सिंह भाटिया, जनपद अध्यक्ष मती लता मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष रविन्द्र वैष्णव, जिला पंचायत सदस्य हिरेन्द्र साहू, डीएफओ मोहम्मद शाहिद, अपर कलेक्टर ओंकार यदु, एसडीएम अनिल बाजपेयी, सहायक कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल एवं आत्माराम चंद्रवंशी तथा अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it