Top
Begin typing your search above and press return to search.

भाजपा शासन में उप्र विकास की ओर अग्रसर : तिवारी

उत्तर प्रदेश के खेल, युवा कल्याण एवं पंचायतीराज विभाग के राज्यमंत्री ( स्वतंत्र प्रभार ) उपेंद्र तिवारी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सरकार ‘सबका साथ सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है।

भाजपा शासन में उप्र विकास की ओर अग्रसर : तिवारी
X

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के खेल, युवा कल्याण एवं पंचायतीराज विभाग के राज्यमंत्री ( स्वतंत्र प्रभार ) उपेंद्र तिवारी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सरकार ‘सबका साथ सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है।

श्री तिवारी ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि भाजपा सरकार ने तीन साल में ही राज्य में विकास का पहिया दौड़ने लगा है। सरकार सबके विकास के लिये काम कर रही है। सभी वर्ग के लोग सरकार की योजनाओं का लाभ उठा रहे है। कानून व्यवस्था नियंत्रण में है। औद्योगिक विकास के जरिये सफलता के नये आयाम स्थापित किये हैं।

उन्होंने कहा कि केन्द्र की योजनाओं को लागू करने में उत्तर प्रदेश देश में अव्वल रहा है। राज्य सरकार ने पूववर्ती सरकार द्वारा विरासत में दी गयी चुनौतियों को अवसरों में तब्दील किया। राज्य को विकास के रास्ते की ओर मोड़ दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उपलब्धियों के लिये समय समय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हौसलाफजाई की ।

जौनपुर जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओ के साथ अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के अपने सरकार के संकल्प को दोहराया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक तीन लाख सरकारी नौकरियां दी जा चुकी है। अगले दो साल में नौजवानो को रोजगार के कई अवसर सरकार मुहैया करायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही हैं। कई औद्योगिक इकाईयों के जल्द ही शुरू होने के बाद 35 लाख नौजवानो को रोजगार मिलेगा। प्रदेश सरकार ने केन्द्र और राज्य की कई परियोजनाओ का क्रियान्वयन किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेंगी कि इन योजनाओ का लाभ पारदर्शी तरीके से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पर योगी सरकार जीरो टालरेंस की नीति पर काम कर रही है जिसके चलते संगठित अपराध में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गयी। सभी त्योहार, धार्मिक जुलूस और मेले निर्विघ्न सम्पन्न हुये। प्रदेश में फोरेंसिक पुलिस लैब की स्थापना की गयी। इसके अलावा 75 विद्युत चोरी निरोधक पुलिस थाने, चार महिला थाने और आर्थिक अपराधो के लिये थानो की स्थापना की गयी।

श्री तिवारी ने कहा कि सिंचाई क्षेत्र में सरकार ने कई उपलब्धियां हासिल की। राज्य सरकार ने आठ बडी सिंचाई परियोजना को अंजाम तक पहुंचाया जिनमें बाण सागर परियोजना,पहाडी बांध परियोजना, पठारी बांध,जमरार बांध,मौधा बांध,पहुज बांध, लहचौरा बांध और गुंटा बांध परियोजना शामिल है। ये परियोजनाये पिछले 46 सालो से लंबित थी। इनके पूरा होने से दो लाख 46 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने उद्यमियों की जरूरतों को समझा है और इसीलिये उच्च गुणवत्तायुक्त सड़कों का संजाल बिछाया जा रहा है जबकि पुरानी और खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत कर उसे चमकाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था को दुरूस्त किया गया है और उत्पादन एवं पारेषण क्षमता में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है। प्रदेश में एक लाख 67 हजार गांवों में बिजली पहुंचायी जा चुकी है।
श्री तिवारी ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास काे गति देने के लिये 341 किमी लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिसे सरकार अपने वित्तीय संसाधनो से पूरा कर रही है जबकि गोरखपुर को पूर्वांचल एक्सप्रेस से जोडने वाले 91 किमी लंबे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस के निर्माण का फैसला भी लिया जा चुका है।
इस अवसर पर विधायक मडियाहू डॉ0 लीना तिवारी, विधायक केराकत दिनेश चौधरी , जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार , मुख्य विकास अधिकारी अनुपम शुक्ला , भाजपा के जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह सहित जिले के अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले श्री तिवारी ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया ।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it