Top
Begin typing your search above and press return to search.

देश भर में हषरेल्लास के साथ मनी ईद

पूरे देश में करोड़ों लोगों ने शनिवार को हर्षोल्लास के साथ ईद मनाई। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों को शुभकामनाएं दी

देश भर में हषरेल्लास के साथ मनी ईद
X

नई दिल्ली। पूरे देश में करोड़ों लोगों ने शनिवार को हर्षोल्लास के साथ ईद मनाई। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों को शुभकामनाएं दी। लोगों ने रमजान के पवित्र महीने के बाद अपना रोजा समाप्त कर ईद का त्योहार मनाया। इस दौरान लोगों ने अपने संबंधियों और दोस्तों के घर जाकर मिठाइयां बांटी और मुबारकबाद दी। कई लोगों ने इस मौके पर गरीबों को कपड़े और फल बांटे।

दिल्ली में, हजारों लोगों ने जामा मस्जिद, मक्की मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद, मस्जिद मिलिया इस्लामिया, मस्जिद फैज-ए-इलाही में ईद की विशेष नमाज अदा की।

पूर्व राष्ट्रपति हामिद अंसारी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और पूर्व केंद्रीय मंत्री शहनवाज हुसैन उन मुस्लिम राजनीतिज्ञों में शामिल थे, जिन्होंने संसद मार्ग स्थित मस्जिद में नमाज अदा की।

मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य भागों में भी लोगों ने काफी उत्साह के साथ ईद मनाई। यहां लोगों ने शहर और राज्य के अन्य भागों में 600 से ज्यादा मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा की। कई क्षेत्रों में यहां भारी बारिश भी हुई।

यहां बारिश के डर से आजाद मैदान के बदले जामा मस्जिद में सबसे ज्यादा भीड़ देखी गई। मस्जिदों के अलावा मुस्लिम क्षेत्रों में कई लोगों ने अपने घरों को फूलों से सजाया था।

उत्तर प्रदेश में लाखों मुस्लिमों ने काफी उत्साह के साथ ईद मनाई। समारोह की अगुवाई राज्यपाल राम नाईक ने की और वह लखनऊ में ऐशबाग ईदगाह गए। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजरुद्दीन ने मुरादाबाद के ईदगाह में नमाज अदा की।

तेलंगाना में, मुस्लिमों ने ईदगाह या खुले मैदान में ईद की नमाज अदा की। वहीं हैदराबाद और सिकंदराबाद में भी हजारों लोगों ने नमाज अदा की। नए कपड़े और टोपी पहने बच्चे से लेकर बूढ़े तक सुबह से ही ईदगाह की ओर जाते दिखे।

यहां सबसे ज्यादा लोग हैदराबाद के मीर आलम ईदगाह में नमाज के लिए जमा हुए थे। यहां इस ऐतिहासिक जगह पर दो लाख से ज्यादा लोगों ने नमाज अदा की।

वहीं देश के अन्य भागों गुजरात, बिहार, असम और तमिलनाडु में भी ईद बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी।

बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, फरहान अख्तर और संजय दत्त ने भी इस अवसर पर समृद्धि, शांति और भाईचारे के लिए दुआ की।

राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, "ईद मुबारक और सभी साथी नागरिकों, विशेष रूप से भारत और विदेशों में बसे हमारे मुस्लिम भाइयों और बहनों को शुभकामनाएं। खुशी का यह त्योहार आपके परिवारों में खुशियां लेकर आए और हमारे साझा समाज में भाईचारा, समझ और पारस्परिक सद्भावना को बढ़ाए।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "ईद मुबारक! आज का यह दिन हमारे समाज में एकता और सद्भावना के बंधन को गहरा कर दे।"


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it