मोदी-शाह की जोड़ी का आईएसआई के साथ महागठबंधन: कांग्रेस
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध होने का आरोप लगाया

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि ऐसे कई प्रमाण हैं जिनसे साबित होता है कि मोदी-शाह की जोड़ी का खुफिया एजेंसी के साथ महागठबंधन है और इसके लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहए।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री मोदी और श्री शाह तथा आईएसआई के बीच संबंध होने का सबसे बड़ा प्रमाण आईएसआई के पूर्व प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल असद दुर्रानी का बयान है, जिसमें वह कहता है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पीएम मोदी को भारत का प्रधानमंत्री बनाए रखना चाहता है।
प्रवक्ता ने कहा कि यह पीएम मोदी का आईएसआई के साथ महागठबंधन का परिणाम था कि पठानकोट में आतंकवादी हमले की जांच का काम उसी आईएसआई को सौंपा गया जिसके इशारे पर पाकिस्तानी आतंकवादियों ने इस हमले को अंजाम दिया था। पठानकोट हमले की जांच के लिए आए पाकिस्तानी दल में आईएसआई के लोग भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को बताना चाहिए कि किस आधार पर पठानकोट हमले के लिए जिम्मेदार आईएसआई को पठानकोट हमले की जांच की इजाजत दी गयी।
सुरजेवाला ने कहा कि इसी तरह से अमित शाह ने 30 मार्च 2016 को कोलकाता में सार्वजनिक सभा में कहा था कि पठानकोट आतंकवादी हमले की जांच में पाकिस्तानी ने गंभीरता से प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि आईएसआई के साथ अगर अमित शाह के संबंध नहीं थे तो उन्हें बताना चाहिए कि उन्होंने किस आधार पर पाकिस्तान की आईएसआई की सरहाना की थी।
गौरतलब है कि भाजपा ने पिछले दिनों आरोप लगाया था कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राफेल लड़ाकू विमान सौदे को लेकर जो खुलासा चाहते हैं उससे वह पाकिस्तान की मदद करना चाहते हैं। भाजपा ने कहा था कि राहुल गांधी के न सिर्फ पाकिस्तान से बल्कि चीन से भी नजदीकी संबंध हैं।


