मोदी पाकिस्तान के नाम पर झूठ परोस रहे : कमलनाथ
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज होशंगाबाद जिले के इटारसी में मोदी की सभा पर अपनी प्रतिक्रिया में आरोप लगाते हुए कहा कि वे प्रदेश के विकास पर बात न करके पाकिस्तान के नाम पर जनता के सामने झूठ परोसते रहे

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज होशंगाबाद जिले के इटारसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा पर अपनी प्रतिक्रिया में आरोप लगाते हुए कहा कि वे प्रदेश के विकास पर बात न करके पाकिस्तान के नाम पर जनता के सामने झूठ परोसते रहे।
श्री कमलनाथ ने कहा कि श्री मोदी निरंतर झूठ परोसकर प्रदेश को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उन्हें मालूम होना चाहिये कि यह तो मात्र तीन माह पुरानी कांग्रेस सरकार है। वे जिन घपले-घोटालों की बात कर रहे हैं यह तो पिछले 15 साल की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के हैं। यही कारण है कि यहां कि जनता ने उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के किसानो की कर्जमाफी के निर्णय से भाजपा खुश नहीं है, इसलिये उसका स्वागत करने की बजाय निरंतर आलोचना कर रहे हैं। हमने 21 लाख किसानो का कर्ज माफ किया है। आचार संहिता के बाद बचे किसानों का भी कर्ज भी माफ करेंगे और वे यह कह रहे है कि हमने प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। बिजली सप्लाई को लेकर पिछले सीधी और जबलपुर दौरे पर भी श्री मोदी ने झूठ परोसा था।
श्री कमलनाथ ने कहा कि श्री मोदी ने अपने झूठे वादों, जुमलों के नाम पर पिछली बार सरकार बना ली थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं चलेगा। पड़ोसी देश के नाम पर गुमराह करने की और बरगलाने की नीति नहीं चलेगी। हमने अपने 75 दिन का हिसाब दिया है, उन्हें भी अपने पांच साल का हिसाब देना होगा।


