निवेशकों से भारत में निवेश करने की मोदी की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निवेशको से आसान व्यवसाय के लिए भारत में निवेश करने की अपील करते हुए आज कहा कि भारत निवेश के लिए दुनिया की सबसे आकर्षक अर्थव्यवस्था

बैंकॉक । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निवेशको से आसान व्यवसाय के लिए भारत में निवेश करने की अपील करते हुए आज कहा कि भारत निवेश के लिए दुनिया की सबसे आकर्षक अर्थव्यवस्था है।
मोदी ने रविवार को यहां आदित्य बिरला समूह के सर्वण जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में निवेश करने का यह सबसे अच्छा अवसर है। उन्होंने कहा, “भारत निवेश के लिए दुनिया का सबसे आकर्षक अर्थव्यवस्ता है और देश में बड़े बदलाव किये जा रहे हैं। भारत में काम करने से रोकने की प्रशासनिक प्रणाली खत्म हो चुकी है।”
प्रधानमंत्री ने निवेशकों से भारत में निवेश करने की अपील करते हुए कहा, “निवेश और आसान व्यवसाय के लिए भारत आइए। नया करने और कारोबार शुरू करने के लिए भारत आइए। कुछ सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने और वहां के लोगों का हार्दिक सत्कार पाने के लिए भारत आइए। भारत आपका स्वागत करने के लिए इंतजार कर रहा है।”
उन्होंने कहा कि वाणिज्य और संस्कृति एकजुट करने के लिए ‘अंतर्निहित शक्तियां’ हैं और सदियों से संन्यासियों और व्यापारियों ने दूर-दूर तक दौरा किया है।
उन्होंने कहा, “उन लोगों ने अपने देश से दूसरे देश का दौरा किया और कई संस्कृतियों के साथ घूल-मिल गये। सांस्कृति और व्यापारिक संबंध निश्चित रूप से दुनिया को करीब लाएंगे।”
मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के साथ सम्पर्क सूत्र बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि थाईलैंड के पश्चिमी बंदरगाह तथा भारत के पूर्वी बंदरगाह के बीच सम्पर्क सूत्र स्थापित होने से आर्थिक साझेदारी मजबूत होगी।
दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन (आसियान) तथा अंतर क्षेत्रीय समग्र आर्थिक साझेदारी (आरसीईपी) की बैठकों में शामिल होने थाईलैंड के दौरे पर आये मोदी ने कहा कि भारत ने पिछले पांच वर्षों में कई उपलब्धियां हासिल की है। उन्होंने कहा, “भारत अब एक और सपने को हासिल करने यानी पांच खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। वर्ष 2014 में जब मेरी सरकार बनी थी, तब भारत अर्थव्यवस्था लगभग दो खरब डॉलर की थी। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां 65 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था दो खरब डॉलर तक पहुंची थी, वहीं सिर्फ पांच वर्षों में यह लगभग तीन खरब डॉलर तक पहुंच गयी।”
उन्होंने कहा, “मौजूदा समय में भारत के विकास में कड़ी मेहनत करने वाले कर दाताओं का योगदान है। एक क्षेत्र जिसमें हमने महत्वपूर्ण काम किया है, वह है कर निर्धारण। मुझे खुशी है कि भारत में एक ऐसी कर व्यवस्था है, जो लोगों के सबसे अनुकूल कर व्यवस्था में शामिल है। हम इसमें आगे भी सुधार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैंने अभी जो कुछ कहा है, वह सभी भारत को निवेश के लिए दुनिया की सबसे आकर्षक अर्थव्यवस्थाओं की विशेषता को दर्शाता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में पिछले पांच वर्षों में 28.60 करोड़ डॉलर का निवेश हुआ, जो पिछले 20 वर्षों के दौरान भारत में हुए कुल विदेशी निवेश का लगभग आधा है।


