एमएमपी-2019 का उद्देश्य प्रदेश के धरातल पर निवेश लाना है : मोहंती
मोहंती ने आज यहां ब्रिलियेंन्ट कन्वेंशन सेंटर में प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेने के बाद प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी।

इंदौर । मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाली मेग्नीफिसेन्ट मध्यप्रदेश (एमएमपी) -2019 की समीक्षा बैठक लेने आज यहां पहुंचे मुख्य सचिव एस आर मोहंती ने बताया इन्वेस्टर समिट का उद्देश्य केवल 'सहमति ज्ञापन' (एमओयू) तक सीमित न रहकर, प्रदेश में धरातल पर निवेश लाना है।
मोहंती ने आज यहां ब्रिलियेंन्ट कन्वेंशन सेंटर में प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेने के बाद प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमारा उद्देश्य निवेश के लिये गम्भीर लोगों को प्रदेश के अनुकूल वातावरण से परिचित करवाना और तय समय सीमा में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कराना है।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय समिट आगामी 17-18 अक्टूबर को यहां इंदौर में आयोजित होगी। जिसमें पहले दिन स्थानीय उद्योगपतियों और संगठनों के प्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री कमलनाथ चर्चा करेंगे। इसी दिन यहां एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
श्री मोहंती ने बताया कि अगले दिन 18 अक्टूबर को मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें देश-विदेश के उद्योगपतियों से मुख्यमंत्री चर्चा करेंगे। 8 सत्रों में होने वाले इस आयोजन का संचालन भी उद्योगपतियों द्वारा किया जाना प्रस्तवित है।
श्री मोहंती ने बताया कि इन्वेस्टर समिट में सरकार दवा निर्माण (फार्मा), कृषि (एग्रीकल्चर), कृषि प्रसंस्करण, प्रद्योगिकी, सौर (सोलर) और 'फ़ास्ट मूविंग कंज़्यूमर गुड्स' (एफएमसीजी) के क्षेत्र की इकाइयों की स्थापना और विस्तारण पर विशेष ध्यान दे रही है।


