मध्यप्रदेश में मिनी ट्रक पलटा, 45 घायल
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आज मजदूरों से भरी मिनी ट्रक पलट जाने के चलते उसमें सवार 45 मजदूर घायल हो गए

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आज मजदूरों से भरी मिनी ट्रक पलट जाने के चलते उसमें सवार 45 मजदूर घायल हो गए।
कसरावद के थाना प्रभारी संजय द्विवेदी ने बताया कि ग्राम निमरानी के समीप एक मिल में पूर्व में कार्यरत आंदोलनरत मजदूरों को ला रही मिनी ट्रक कसरावद से 5 किलोमीटर दूर छोटी कसरावद के एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के चलते उसमें सवार 45 मजदूर घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल छह मजदूरों को जिला अस्पताल खरगोन में भर्ती कराया गया है । यह सभी लोग खरगोन जा रहे थे। उन्होंने बताया कि फरार मिनी ट्रक चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है।
मजदूरों के साथ आ रहे मिल मजदूर नेता राजकुमार दुबे ने बताया कि दरअसल मिल के बंद हो जाने के उपरांत वह खरगोन में प्रतीकात्मक रूप से सफाई कर यह प्रदर्शित करना चाह रहे थे कि आंदोलनरत मजदूर मेहनत करके अपना घर चलाना चाहते हैं ।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था जिन्हें बाद में धार जिले के धामनोद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


