मीरा कुमार ने रामनाथ कोविंद को बधाई दी
राष्ट्रपति चुनाव में पराजित होने के बाद विपक्ष की उम्मीदवार मीरा कुमार ने आज कहा कि विचारधारा आैर मूल्यों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी
नयी दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव में पराजित होने के बाद विपक्ष की उम्मीदवार मीरा कुमार ने आज कहा कि विचारधारा आैर मूल्यों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी,मीरा कुमार ने राष्ट्रपति चुनाव जीतने के लिये रामनाथ कोविंद को बधाई और शुभकामनायें दी, उन्होेेेंने कहा कि कोविंद पर अब देश के संविधान की रक्षा करने का दायित्व है। राष्ट्रपति चुनाव की आज हुयी मतगणना में कोविंद करीब 66 प्रतिशत मत हासिल कर विजयी घोषित किये गये।
कुमार को करीब 34 प्रतिशत मत मिले। उन्होंने निर्वाचक मंडल के सदस्यों से अंतर्रात्मा की आवाज पर मतदान करने की अपील की थी। कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव का परिणाम आ जाने से विचाराधारा और मूल्यों की लड़ाई समाप्त नहीं हुयी है बल्कि यह आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि वह सामाजिक न्याय, पारदर्शिता, धर्मनिरपेक्षता, अभिव्यक्ति की आजादी और जातिवादी व्यवस्था के विनाश के लिये संघर्ष करती रहेेगी क्योंकि सभी लाेग यही चाहते हैं। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव का उम्मीदवार बनाये जाने के लिये कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा अन्य विपक्षी दलों के प्रति आभार जताया। उन्होंने निर्वाचक मंडल के सदस्यों को भी धन्यवाद दिया।


