मैकमास्टर ने मोदी से मुलाकात की
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एच आर मैकमास्टर ने आज यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर दक्षिण एशियाई क्षेत्र में पड़ोसी देशों के बीच परस्पर संबंधों पर चर्चा की
नयी दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एच आर मैकमास्टर ने आज यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर दक्षिण एशियाई क्षेत्र में पड़ोसी देशों के बीच परस्पर संबंधों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री के सरकारी आवास सात लोककल्याण मार्ग में हुई इस बैठक के मौके पर विदेश सचिव एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल भी मौजूद थे। मैकमास्टर का विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी मिलने का कार्यक्रम है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान की यात्रा के बाद कल रात भारत पहुंचे थे। भारत आने के पूर्व श्री मैकमास्टर ने कल पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ , विदेश मंत्री सरताज अजीज, वहां के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) नसीर जनजुआ,सैन्य प्रमुख कमर जावेद बाजवा और पाकिस्तान के उप विदेश मंत्री सैयद तारीक फातमी के साथ कई अहम श्रेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।
इस अवसर पर उन्हाेंने एक बार फिर यह बात दाेहराई कि भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर समेत तमात विवादों को सुलझाने तथा बेहतर रिश्ते कायम करने के लिए बातचीत ही एक मात्र रास्ता है।
अमेरिका द्वारा अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट के आतंकी ठिकानों पर सबसे बड़ा गैर परमाणु बम गिराए जाने के बाद हो रही श्री मैकमास्टर की इस यात्रा को लेकर ऐसी संभावना जताई जा रही है कि भारत और पाकिस्तान के बीच उपजे विवादों को सुलझाने में अमेरिका संभवत मध्यस्थ की भूमिका निभाने का इरादा रखता है


