Top
Begin typing your search above and press return to search.

देश में कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक 18,552 मामले

देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक 18,552 नये मामले सामने आये हैं जिससे संक्रमितों का आंकड़ा 5.08 लाख के पार हो गया है।

देश में कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक 18,552 मामले
X

नयी दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक 18,552 नये मामले सामने आये हैं जिससे संक्रमितों का आंकड़ा 5.08 लाख के पार हो गया है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस के संक्रमण के 18,552 नये मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,08,953 हो गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान इस बीमारी से हालांकि एक दिन पहले की तुलना में 23 कम 384 लोगों की मौत हुई है। इससे मृतकों की संख्या बढ़कर 15,685 हो गयी है। दूसरी तरफ इस बीमारी से निजात पाने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है और इसी अवधि में 10,244 रोगी ठीक हुए है , जिन्हें मिलाकर अब तक कुल 2,95,881 मरीज रोगमुक्त हो चुके हैं। देश में अभी कोरोना संक्रमण के 1,97,387 सक्रिय मामले हैं।

कोरोना महामारी से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में संंक्रमण के 5,024 मामले दर्ज किये गये और 175 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,52,765 और मृतकों की संख्या बढ़कर 7,106 हो गयी है। राज्य में 79,815 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं।

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना महामारी ने कहर बरपा रखा है और संक्रमण तथा मौत के लगातार बढ़ते आंकड़ों के साथ अब यह देश में दूसरे स्थान पर आ गया है। पिछले 24 घंटों में 3,460 नये मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 77,240 हो गया। इसी अवधि में 63 मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 2,492 हो गयी। राजधानी में 47,091 मरीज रोगमुक्त हुए हैं , जिन्हें विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु तीसरे स्थान पर है, जहां कुल संक्रमितों की संख्या अब 74,622 पहुंच गयी है और अब तक इस वायरस से 957 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 41,357 लोगों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या मामले में चौथे स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद तीसरे स्थान पर है। गुजरात में अब तक 30,098 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 1771 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 22,030 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के अब तक 20,943 मामले सामने आए हैं तथा इस वायरस से 630 लोगों की मौत हुई है जबकि 13,583 मरीज स्वस्थ हो गए हैं।

राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां संक्रमितों की संख्या 16,660 हो गयी है और अब तक 380 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 13,062 लोग पूरी तरह ठीक हुए है। पश्चिम बंगाल में 16,190 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 616 लोगों की मौत हुई है और अब तक 10,535 लोग स्वस्थ हुए हैं। इस बीच हरियाणा में संक्रमितों की संख्या मध्य प्रदेश से ऊपर पहुंच गयी है हालांकि मृतकों की संख्या अब भी आधे से भी कम है। राज्य में 12,884 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 211 लोगों की मौत हुई है और अब तक 8016 लोग स्वस्थ हुए हैं।

मध्य प्रदेश में 12,798 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 546 लोगों की इससे मौत हुई है जबकि 9804 लोग स्वस्थ हुए हैं।

दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक में 11,005 और आंध्र प्रदेश में 11,489 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इन राज्यों में इससे मरने वालों की संख्या क्रमश: 180 और 148 है।

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,762 हो गई है और अब तक इससे 91 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी से पंजाब में 122, बिहार में 58, उत्तराखंड में 37, केरल में 22, ओडिशा में 17 , छत्तीसगढ़ में 13, झारखंड में 12 , असम, पुड्डुचेरी और हिमाचल प्रदेश में क्रमशःनौ-नौ , चंडीगढ़ में छह, गोवा में दो तथा त्रिपुरा, लद्दाख और मेघालय में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it