Top
Begin typing your search above and press return to search.

वाईएसआर कांग्रेस ने अपने नेता पर हुए हमले की निंदा की, कहा- यह बिगड़ती कानून-व्यवस्था का संकेत

वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने रायचोटी नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष दसरथा रामिरेड्डी पर हुए बर्बर हमले की कड़ी निंदा की है

वाईएसआर कांग्रेस ने अपने नेता पर हुए हमले की निंदा की, कहा- यह बिगड़ती कानून-व्यवस्था का संकेत
X

अमरावती। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने रायचोटी नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष दसरथा रामिरेड्डी पर हुए बर्बर हमले की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने इसे आंध्र प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और राजनीतिक हिंसा का साफ उदाहरण बताया है।

वाईएसआरसीपी के प्रदेश महासचिव गडिकोटा श्रीकांत रेड्डी ने कहा कि मंत्री राम प्रसाद रेड्डी के समर्थकों द्वारा कथित तौर पर घातक हथियारों से किया गया यह हमला बर्बर और अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार के सत्ता में आने के बाद से विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले तेजी से बढ़े हैं।

उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह जनता के मुद्दे सुलझाने के बजाय पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबा रही है। राज्य में संवैधानिक शासन की जगह 'रेड बुक शासन' ने ले ली है, जहां झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और कमजोर वर्गों, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा सरकार से सवाल पूछने वालों पर सुनियोजित हमले किए जा रहे हैं।

'रेड बुक' का संदर्भ टीडीपी नेता नारा लोकेश की उस किताब से है, जिसे वह चुनाव प्रचार के दौरान अपने साथ रखते थे। उनका दावा था कि इसमें उन सभी लोगों के नाम हैं, जिन्होंने वाईएसआरसीपी शासन के दौरान टीडीपी कार्यकर्ताओं को परेशान किया था और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

लोकसभा में वाईएसआरसीपी के नेता पी.वी. मिधुन रेड्डी ने कहा कि यह हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ, जिससे उनकी विफलता और कथित मिलीभगत उजागर होती है। दसरथा रामिरेड्डी ने पहले ही सीआई और डीएसपी अधिकारियों को धमकियों और उनके फंक्शन हॉल पर बार-बार हो रहे हमलों की शिकायत दी थी, लेकिन कोई एहतियाती कार्रवाई नहीं की गई। इसका नतीजा यह हुआ कि अब वह गंभीर चोटों के साथ जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि स्पष्ट वीडियो सबूत होने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने तुरंत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि पुलिस वाईएसआरसीपी के सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं पर तेजी से कई मामले दर्ज कर रही है, लेकिन जब सत्तारूढ़ दल के समर्थक दिनदहाड़े हिंसक हमले करते हैं तो वह निष्क्रिय बनी रहती है।

वाईएसआर कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर ऐसी निष्क्रियता जारी रही तो पुलिस व्यवस्था से जनता का भरोसा कमजोर होगा और इस तरह की हिंसा को बढ़ावा मिलेगा। पार्टी ने कानून-व्यवस्था बहाल करने और न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it