महाराष्ट्र के विरार की ग्लोबल सिटी में सनसनी: बंद फ्लैट में मिले तीन भाई और बहन के शव
महाराष्ट्र के विरार में एक बंद फ्लैट में तीन भाई-बहनों के शव मिले हैं। मृतकों में दो भाई और उनकी बहन शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीनों के आत्महत्या करने की आशंका जताई है।

विरार। महाराष्ट्र के विरार में एक बंद फ्लैट में तीन भाई-बहनों के शव मिले हैं। मृतकों में दो भाई और उनकी बहन शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीनों के आत्महत्या करने की आशंका जताई है।
मुंबई पुलिस ने बताया कि विरार पश्चिम की ग्लोबल सिटी स्थित के. एवेन्यू इमारत में यह घटना हुई। यहां एक बंद फ्लैट में तीन भाई-बहनों के शव मिले। इस कारण इलाके में सनसनी फैल गई। तीनों के शव गुरुवार को विंग डी के फ्लैट नंबर 1203 से बरामद किए गए।
बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले ने बताया कि बीती रात पड़ोसियों ने संबंधित फ्लैट से दुर्गंध आने की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर फ्लैट के अंदर प्रवेश किया। वहां तीनों मृत अवस्था में मिले।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि मृतकों में से एक ने अपनी मौत से पहले मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात कही थी। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को आशंका है कि तीनों ने जहर का सेवन कर आत्महत्या की होगी।
कावले ने बताया कि तीनों में एक लोग को कैंसर से पीड़ित था और घर में पैसे की भी दिक्कत थी। फिलहाल, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में एडीआर (आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट) दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन में मिले वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि तीनों की मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।


