Top
Begin typing your search above and press return to search.

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 32 घंटे बाद ट्रैफिक बहाल

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर आदोशी टनल के पास गैस टैंकर पलटने के बाद बने आपात हालात अब सामान्य हो गए हैं। रायगढ़ हाईवे पुलिस के मुताबिक, टैंकर से हो रहे गैस लीकेज को पूरी तरह रोक लिया गया है

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 32 घंटे बाद ट्रैफिक बहाल
X

आदोशी टनल हादसा: गैस टैंकर हटाया गया, खतरा टला

  • प्रोपाइलीन गैस लीकेज रोका गया, यात्रियों ने ली राहत की सांस
  • मुंबई-पुणे हाईवे पर आपात हालात खत्म, यातायात फिर सुचारू
  • 32 घंटे की जद्दोजहद के बाद एक्सप्रेसवे पर फिर दौड़ी गाड़ियाँ

मुंबई। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर आदोशी टनल के पास गैस टैंकर पलटने के बाद बने आपात हालात अब सामान्य हो गए हैं। रायगढ़ हाईवे पुलिस के मुताबिक, टैंकर से हो रहे गैस लीकेज को पूरी तरह रोक लिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को हाईवे से हटा दिया गया है। इसके साथ ही, करीब 32 घंटे तक बंद रही मुंबई की ओर जाने वाली ट्रैफिक लेन को खोल दिया गया है और यातायात सुचारू रूप से शुरू हो गया है।

रायगढ़ क्षेत्र की हाईवे सेफ्टी टीम के पुलिस अधीक्षक की ओर से गुरुवार को एक प्रेस नोट जारी कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। प्रेस नोट के अनुसार, 3 फरवरी को शाम करीब 5 बजे यशवंतराव चव्हाण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 41/000 पर, आदोशी टनल के पास मुंबई की ओर जा रही लेन में प्रोपाइलीन गैस से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से ज्वलनशील प्रोपाइलीन गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक को तत्काल बंद कर दिया गया। यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए घटना की जानकारी मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार साझा की गई। हादसे के तुरंत बाद हाईवे पुलिस, रायगढ़ जिला पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ, बीपीसीएल, हेल्प फाउंडेशन और रासायनिक विशेषज्ञों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

प्रेस नोट में बताया गया कि टैंकर से गैस लीकेज रोकना तकनीकी रूप से काफी चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद सभी संबंधित एजेंसियों और रासायनिक विशेषज्ञों ने लगातार और अथक प्रयास किए। आखिरकार 5 फरवरी 2026 को तड़के करीब 1:30 बजे टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को पूरी तरह रोकने में सफलता मिली। इसके बाद टैंकर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया। राहत कार्य के पूरा होने के बाद अब यशवंतराव चव्हाण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के साथ-साथ पुराना मुंबई-पुणे राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-48) पर भी ट्रैफिक सुचारू रूप से चल रहा है।

पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। आपको बताते चलें, इस हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था और हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अब ट्रैफिक बहाल होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it