Top
Begin typing your search above and press return to search.

अस्पताल में भर्ती शरद पवार को PM मोदी की सलाह- आराम कीजिए, सुप्रिया और हम देश संभाल लेंगे

शरद पवार के करीबी सहयोगी विट्ठल मणियार ने बताया कि पुणे अस्पताल से डिस्चार्ज होने के दौरान बुधवार सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शरद पवार को फोन कर उनका हाल-चाल जाना। दोनों नेताओं के बीच बेहद गर्मजोशी और सम्मानजनक माहौल में बातचीत हुई।

अस्पताल में भर्ती शरद पवार को PM मोदी की सलाह- आराम कीजिए, सुप्रिया और हम देश संभाल लेंगे
X

मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को बुधवार को मुंबई स्थित ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे कुछ ही घंटे पहले उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक से स्वास्थ्य जांच के बाद छुट्टी दी गई थी। 85 वर्षीय वरिष्ठ नेता शरद पवार को 2 नवंबर को लगातार खांसी और छाती में दर्द (प्ल्यूरिटिक पेन) की शिकायत के बाद पुणे के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर इस बात की पुष्टि की कि बेहतर चिकित्सा देखभाल और आगे के इलाज के लिए उनके पिता को मुंबई स्थानांतरित किया गया है।

पीएम मोदी ने पवार से कहा- 'साहब, पूरा आराम करें'

शरद पवार के करीबी सहयोगी विट्ठल मणियार ने बताया कि पुणे अस्पताल से डिस्चार्ज होने के दौरान बुधवार सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शरद पवार को फोन कर उनका हाल-चाल जाना। दोनों नेताओं के बीच बेहद गर्मजोशी और सम्मानजनक माहौल में बातचीत हुई। मणियार के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार से कहा, "साहब, कृपया पूरा आराम करें। सुप्रिया अब (राजनीतिक जिम्मेदारियों के लिए) पूरी तरह तैयार हैं। सुप्रिया और हम सब मिलकर देश की देखभाल कर लेंगे। आप पूरी तरह आराम करें, मेरी आपसे यही विनती है।" शरद पवार ने पीएम मोदी की इस संवेदनशीलता और चिंता के लिए उनका आभार व्यक्त किया। पवार ने पीएम से कहा कि वह डॉक्टरों की सलाह पर पूरा आराम कर रहे हैं और उन्हें देश की कोई चिंता नहीं है क्योंकि इसे संभालने के लिए आप सभी लोग मौजूद हैं।

महाराष्ट्र की राजनीति में अटकलों का दौर तेज

प्रधानमंत्री मोदी और शरद पवार के बीच हुई इस बातचीत के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बातचीत के दूरगामी मायने हो सकते हैं। पिछले कुछ महीनों से इस बात की भी चर्चाएं जोरों पर हैं कि सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्रिमंडल (मोदी कैबिनेट) में शामिल किया जा सकता है।

एनसीपी का विभाजन और मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य

गौरतलब है कि जुलाई 2023 में शरद पवार के भतीजे अजित पवार ने बगावत करते हुए पार्टी में विभाजन कर दिया था और भाजपा-शिवसेना नीत राज्य सरकार में शामिल हो गए थे। इसके बाद चुनाव आयोग ने अजित पवार के गुट को ही असली एनसीपी माना और पार्टी का चुनाव चिह्न भी उन्हें दे दिया। इसके चलते शरद पवार को अपने गुट का नाम बदलकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) रखना पड़ा। जनवरी 2026 में एक दुखद विमान दुर्घटना में अजित पवार का निधन हो गया था। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने पार्टी की कमान संभाली, जिसके बाद दोनों गुटों के विलय की बातचीत पर अस्थाई रूप से विराम लग गया था। फिलहाल, सुप्रिया सुले कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन का एक प्रमुख चेहरा बनी हुई हैं, लेकिन हालिया घटनाक्रमों ने राज्य में नए राजनीतिक समीकरण बनने की संभावनाओं को जन्म दे दिया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it