Top
Begin typing your search above and press return to search.

दीया मिर्जा का वीडियो हटाने पर भड़कीं ज्योति गायकवाड़, भाजपा पर लगाया मुद्दों से भटकाने का आरोप

कांग्रेस विधायक डॉ. ज्योति एकनाथ गायकवाड़ ने बीएमसी के पोर्टल से अभिनेत्री और पर्यावरण कार्यकर्ता दीया मिर्जा का वीडियो हटाए जाने को लेकर भाजपा पर हमला बोला है

दीया मिर्जा का वीडियो हटाने पर भड़कीं ज्योति गायकवाड़, भाजपा पर लगाया मुद्दों से भटकाने का आरोप
X

मुंबई। कांग्रेस विधायक डॉ. ज्योति एकनाथ गायकवाड़ ने बीएमसी के पोर्टल से अभिनेत्री और पर्यावरण कार्यकर्ता दीया मिर्जा का वीडियो हटाए जाने को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने मुंबई में बढ़ते प्रदूषण, पेड़ों की कटाई, पानी, अस्पताल और सड़कों जैसी समस्याओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय धार्मिक पहचान के आधार पर राजनीति कर रही है। उन्होंने भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की राहुल गांधी पर टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी। गायकवाड़ ने कहा कि भाजपा अपनी सरकार की नाकामियों को छिपाने के लिए ऐसे मुद्दे उठा रही है।

दीया मिर्जा का वीडियो हटाए जाने पर कांग्रेस विधायक ने कहा कि मुंबई का एक्यूआई 200 से 300 के ऊपर पहुंच गया है, जो खतरनाक स्थिति है। दिवाली के दौरान पटाखे जलाने से प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है। इससे दमा और हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को परेशानी हो सकती है। दीया मिर्जा कलाकार होने के साथ पर्यावरण के लिए भी काम करती हैं और प्रदूषण को लेकर उनका वक्तव्य उचित था। जब भाजपा भी प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की बात करती है, तो फिर दीया मिर्जा के बयान पर आपत्ति क्यों की गई? केवल उनके नाम में 'मिर्जा' देखकर वीडियो हटाया गया और मामले को हिंदू-मुस्लिम रंग देने की कोशिश की गई। गायकवाड़ ने भाजपा नेताओं को सलाह दी कि किसी के नाम के आधार पर निष्कर्ष निकालने के बजाय पहले पूरी जानकारी हासिल करनी चाहिए।

कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि मुंबई के वास्तविक मुद्दों को पीछे छोड़ दिया गया है। उन्होंने पानी की समस्या, अस्पतालों की स्थिति, सड़कों की परेशानी और पेड़ों की कटाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने जंगल और मेट्रो परियोजना के काम के दौरान पेड़ों की कटाई का जिक्र करते हुए कहा कि विकास के नाम पर हो रही गतिविधियों से भी प्रदूषण बढ़ रहा है। गायकवाड़ ने कहा कि सरकार प्रदूषण के कारणों पर गंभीरता से चर्चा करने के बजाय करोड़ों रुपए खर्च कर अपनी बात रखती है। मिर्जा ने इसी मुद्दे पर अपनी राय व्यक्त की थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करना राष्ट्रद्रोह नहीं है। संविधान प्रत्येक व्यक्ति को विचार, विश्वास, श्रद्धा और उपासना की स्वतंत्रता देता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विरोधियों को अर्बन नक्सल और राष्ट्रद्रोही बताने की राजनीति करती है। गायकवाड़ ने कहा कि सरकार बीएमसी की नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए धार्मिक मुद्दों को सामने ला रही है। उन्होंने भाजपा पर एक व्यक्ति विशेष के हित में काम करने का आरोप भी लगाया।

राहुल गांधी पर अमित शाह की टिप्पणी को लेकर गायकवाड़ ने कहा कि अमित शाह के प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखने के बारे में सभी जानते हैं और इसी वजह से वह ऐसी बातें कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को जननायक बताते हुए कहा कि उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा की और बड़ी संख्या में लोगों से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोगों के दिलों में जगह बना चुके हैं। किसी नेता के बारे में बयान देने से उसकी लोकप्रियता तय नहीं होती, बल्कि जनता ही इसका फैसला करती है।

गायकवाड़ ने रामलीला मैदान में हुई इंडिया गठबंधन की रैली का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। मैदान के अंदर मौजूद लोगों के अलावा बाहर भी बड़ी भीड़ थी और कई लोगों को अंदर आने की जगह नहीं मिल पाई। भाजपा नेताओं ने रैली की वास्तविक तस्वीर को गलत तरीके से पेश किया। गायकवाड़ ने प्रधानमंत्री मोदी के कांग्रेस मुक्त भारत के नारे पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने भाषणों में बार-बार कांग्रेस का नाम लेते हैं, जिससे पता चलता है कि भाजपा कांग्रेस को कितनी अहमियत देती है।

भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली पर कांग्रेस विधायक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यक्रम में शामिल होने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब फ्लाईओवर तैयार था, तब मुख्यमंत्री के पास उसके उद्घाटन के लिए समय नहीं था, लेकिन अब रैली के लिए समय मिल गया है। उन्होंने सवाल किया कि जब मुंबई, महाराष्ट्र और केंद्र में भाजपा की सरकार है, तो उसे रैली निकालने की जरूरत क्यों पड़ रही है? गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि सरकार संविधान की रक्षा करने और कानून-व्यवस्था संभालने में नाकाम रही है। शहर में गोलीबारी जैसी घटनाओं के बीच लोगों से डरने की जरूरत नहीं बताना उचित नहीं है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it