Top
Begin typing your search above and press return to search.

मुंबई एयरपोर्ट पर ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है

मुंबई एयरपोर्ट पर ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
X

मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है, जहां एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) के अधिकारियों ने एक यात्री को 10 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में मुंबई की एक अदालत ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

कस्टम्स अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित शंकर भक्‍तयारपुरी के रूप में हुई है, जिसे बैंकॉक से मुंबई पहुंचने के बाद संदेह के आधार पर रोका गया था। प्रोफाइलिंग के दौरान संदेह होने पर एआईयू अधिकारियों ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली। हालांकि, उसकी व्यक्तिगत तलाशी में कुछ भी आपत्तिजनक चीजें नहीं मिलीं, लेकिन उसके चेक-इन बैगेज की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

अधिकारियों को एक काले रंग का बिना ब्रांड वाला ट्रॉली बैग मिला, जिसमें पारदर्शी प्लास्टिक पैकेटों की 10 परतें थीं। इन पैकेटों को खोलने पर हरे रंग का पौधानुमा पदार्थ मिला, जिससे तेज गंध आ रही थी। ड्रग्स डिटेक्शन किट से जांच करने पर पुष्टि हुई कि यह हाइड्रोपोनिक वीड है, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित नशीला पदार्थ है।

बरामद किए गए इस नशीले पदार्थ का कुल वजन 10.056 किलोग्राम पाया गया, जो ‘व्यावसायिक मात्रा’ की श्रेणी में आता है। अधिकारियों ने इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10.05 करोड़ रुपए आंकी है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह यह नशीला पदार्थ बैंकॉक से तस्करी कर लाया था और जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस अपराध में शामिल हुआ।

सबूतों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का मानना है कि इस तस्करी नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां उसके वकील रवि हिरानी ने पक्ष रखा, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस और कस्टम विभाग इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटे हुए हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it