Top
Begin typing your search above and press return to search.

मध्य प्रदेश: 34 दिन बाद कब्र से निकाला गया बुजुर्ग का शव, जमीन विवाद में हत्या की आशंका

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के ग्राम बदौराकला में एक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है

मध्य प्रदेश: 34 दिन बाद कब्र से निकाला गया बुजुर्ग का शव, जमीन विवाद में हत्या की आशंका
X

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के ग्राम बदौराकला में एक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। करीब 34 दिन पहले हुई 65-70 वर्षीय राजदेव खंगार की मौत के बाद शुक्रवार को प्रशासन के आदेश पर शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक के भतीजे सुनील खंगार ने शुरुआत से ही इस मौत को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाया था कि उनके चाचा को जहर देकर मारा गया है। उन्होंने 25 मार्च को एसपी, कलेक्टर और डीआईजी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत दी थी। बावजूद इसके जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे भोपाल जाकर डीजीपी से भी गुहार लगा चुके हैं।

परिजनों का आरोप है कि जब वे प्रकाश बम्होरी थाना पहुंचे, तो थाना प्रभारी ने उनकी बात तक नहीं सुनी और उनका आवेदन फेंक दिया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों से साठगांठ कर पोस्टमार्टम नहीं कराया और जल्दबाजी में शव को दफना दिया। परिजनों के मुताबिक, 21 मार्च को गांव के भानुप्रताप यादव, उनके पुत्र अभिषेक यादव और छोटू यादव राजदेव को अपने साथ ले गए थे। अगले दिन वे शव लेकर लौटे और मौत की सूचना दी। इसके बाद बिना किसी मेडिकल जांच या पोस्टमार्टम के ही शव को दफना दिया गया, जिससे संदेह और गहरा गया।

पुलिस का कहना है कि मृतक की गोद ली गई बेटी ने बयान दिया है कि राजदेव खंगार ने खुद जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उस समय पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।

एसडीओपी नवीन दुबे के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक के पास 4-5 एकड़ जमीन थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। केवल गोद ली हुई बेटी उनके साथ रहती थी, जिससे संपत्ति को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम कराकर बिसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। अब सभी की नजरें रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस पूरे मामले में पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it