Top
Begin typing your search above and press return to search.

मध्य प्रदेश: बरगी डैम क्रूज हादसे पर सीएम मोहन यादव ने जताया दुख, घटनास्थल पर अधिकारियों को पहुंचने के निर्देश

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार की शाम को आई तेज आंधी-तूफान से हुए क्रूज हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई पर्यटक अब भी लापता हैं

मध्य प्रदेश: बरगी डैम क्रूज हादसे पर सीएम मोहन यादव ने जताया दुख, घटनास्थल पर अधिकारियों को पहुंचने के निर्देश
X

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार की शाम को आई तेज आंधी-तूफान से हुए क्रूज हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई पर्यटक अब भी लापता हैं। हादसे के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख व्यक्त करते हुए राहत और बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।

सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जा रही है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटा है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि त्वरित बचाव अभियान के चलते अब तक 15 लोगों को सकुशल बचा लिया गया है। जो लोग अब भी लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द तलाशने की कोशिश जारी है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

यह हादसा नर्मदा नदी के बैकवाटर क्षेत्र में स्थित खमरिया द्वीप के पास हुआ, जहां पर्यटकों से भरी एक क्रूज नाव अचानक आए तेज तूफान और तेज लहरों की चपेट में आकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाव में 30 से अधिक यात्री सवार थे।

पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और कुछ ही देर में वह पलट गई। हादसे के बाद कई पर्यटक डैम के गहरे पानी में गिर गए।

घटना की सूचना मिलते ही बरगी पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कई लोग लापता हो गए। बताया जा रहा है कि अभी भी 12 लोग लापता हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it