Top
Begin typing your search above and press return to search.

देवास के एक फैक्ट्री में आग फैलने से रोकने के लिए किए जा रहे हर संभव प्रयास : थाना प्रभारी

मध्य प्रदेश के देवास जिले के औद्योगिक क्षेत्र के एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने की खबर सामने आई। इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जिस जगह आग लगी

देवास के एक फैक्ट्री में आग फैलने से रोकने के लिए किए जा रहे हर संभव प्रयास : थाना प्रभारी
X

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के औद्योगिक क्षेत्र के एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने की खबर सामने आई। इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जिस जगह आग लगी, वहां पुराने कागजों का रीसाइक्लिंग काम होता है।

उन्होंने कहा, "यहां पुराने कागजों के बड़े-बड़े बंडल रखे जाते हैं। किसी कारण से इन बंडलों में से एक में आग लग गई, जो धीरे-धीरे फैलने लगी।"

उन्होंने यह भी बताया कि आग को फैलने से रोकने के लिए जेसीबी और अन्य भारी उपकरणों की मदद से जलते हुए हिस्सों को अलग किया जा रहा है। आग लगने के बाद से करीब एक से दो घंटे से ज्यादा समय तक लगातार प्रयास जारी रहे।

बताया जा रहा है कि यह आग शहर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में लगी थी। आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर 10 से ज्यादा दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे, जबकि प्रशासनिक अधिकारी भी हालात पर नजर बनाए हुए थे।

फैक्ट्री के मैनेजर श्रीनिवास ने बताया कि आग कैसे लगी, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा, "हमें अभी यह देखना होगा कि आग की शुरुआत कैसे हुई। फिलहाल नुकसान का आकलन भी नहीं किया जा सका है।" आग के कारण फैक्ट्री परिसर में रखे कागज और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

मौके पर तहसीलदार सपना शर्मा भी पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आग पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

बता दें कि आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने में दमकल विभाग को रातभर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया, जो देर रात तक जारी रहा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी भयानक थी कि दूर से ही लपटें और धुआं साफ दिखाई दे रहा था। आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि, समय रहते दमकल विभाग और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it