Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री से किसानों की समस्याओं को खत्म करने की मांग की

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने प्रदेश में किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए 'ईज ऑफ डूइंग फार्मिंग' लागू करने की मांग उठाई है

दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री से किसानों की समस्याओं को खत्म करने की मांग की
X

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने प्रदेश में किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए 'ईज ऑफ डूइंग फार्मिंग' लागू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कृषि क्षेत्र में प्रक्रियाओं को सरल बनाने की आवश्यकता पर बल दिया है।

दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में किसान नेता केदार सिरोही द्वारा दिए गए सुझाव का समर्थन करते हुए कहा कि जिस प्रकार “ईज ऑफ डूइंग फार्मिंग” के माध्यम से व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है, उसी तर्ज पर कृषि क्षेत्र में भी सुधार आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान आज भी बीज खरीद, ट्रांसफार्मर बदलवाने, फसल विक्रय, ऋण लेने एवं चुकाने जैसी प्रक्रियाओं में अनेक जटिलताओं और अनावश्यक बाधाओं का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि फसल बीमा क्लेम की प्रक्रिया अत्यधिक जटिल है तथा खाद की उपलब्धता में पारदर्शिता की कमी बनी हुई है, जिससे किसानों को भारी परेशानी होती है। ऐसे में 'खेती करने में आसानी' लागू कर इन समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।

दिग्विजय सिंह ने सुझाव दिया कि किसानों के हित में कृषि से जुड़े सभी विभागों की व्यापक समीक्षा की जाए तथा नीति निर्माण में किसान प्रतिनिधियों और कृषि वैज्ञानिकों से परामर्श लिया जाए। इससे प्रदेश की कृषि व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाया जा सकेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि किसानों की दशा और दिशा में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए 'ईज ऑफ डूइंग फार्मिंग' को शीघ्र लागू करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

इसके पहले शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री निवास पर दिग्विजय सिंह और मुख्यमंत्री मोहन यादव की मुलाकात हुई। इस मुलाकात में दिग्विजय सिंह ने किसानों से जुड़े मुद्दे, खासकर गेहूं खरीदी की मौजूदा प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को उठाया।

मुलाकात के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को किसानों की परेशानियों से अवगत कराया और समय पर समाधान की जरूरत पर जोर दिया, ताकि गेहूं खरीदी सुचारु रूप से हो सके। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी कहा कि दिग्विजय सिंह ने किसानों के मुद्दे, विशेषकर गेहूं खरीदी का मामला उठाया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 80 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदी के स्लॉट पहले ही बुक किए जा चुके हैं और प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। दिग्विजय सिंह ने इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव को अपने गृह नगर राघौगढ़ में इस महीने के अंत में होने वाले एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया था। दिग्विजय सिंह के कार्यालय ने बैठक की पुष्टि की और जीतू पटवारी के निवास से निकलने का एक छोटा वीडियो भी जारी किया था, लेकिन चर्चा का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया था।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it