Top
Begin typing your search above and press return to search.

भोपाल में 'पैगाम-ए-मोहब्बत' रैली में विवादित टिप्पणी को लेकर केस दर्ज : शैलेंद्र चौहान

भोपाल में कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामलों पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शैलेंद्र सिंह चौहान ने जानकारी दी

भोपाल में पैगाम-ए-मोहब्बत रैली में विवादित टिप्पणी को लेकर केस दर्ज : शैलेंद्र चौहान
X

भोपाल। भोपाल में कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामलों पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शैलेंद्र सिंह चौहान ने जानकारी दी। उन्होंने 'पैगाम-ए-मोहब्बत' रैली में धार्मिक भावनाओं को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में पूर्व पार्षद के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि की। इसके अलावा, उन्होंने गांधीनगर क्षेत्र में रह रहे दो कश्मीरी छात्रों को लेकर सामने आई शिकायत को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि मौके पर जांच के बाद किसी तरह का विवाद नहीं मिला।

पुलिस अधिकारी ने नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले में भी दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज किए जाने और दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। वहीं, यातायात व्यवस्था को देखते हुए पॉलिटेक्निक चौराहे पर धरना-प्रदर्शन पर प्रतिबंध जारी रखने की बात कही।

शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 'पैगाम-ए-मोहब्बत' नाम से एक रैली निकाली गई थी। इस दौरान एक व्यक्ति द्वारा धार्मिक भावनाओं को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी किए जाने का वीडियो सामने आया और सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। पुलिस के संज्ञान में मामला आते ही तत्काल कार्रवाई की गई और संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी पूर्व में पार्षद रह चुका है और वीडियो में कथित टिप्पणी उसी के द्वारा किए जाने के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक सोसाइटी में रह रहे दो कश्मीरी छात्रों को लेकर सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति की जांच की। चौहान ने बताया कि एक संस्थान के 'एक्स' पोस्ट के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सोसाइटी में रहने वाले लोगों, मकान मालिक और अन्य संबंधित लोगों से बातचीत की। बातचीत के दौरान यह सामने आया कि छात्रों के वहां रहने को लेकर किसी को कोई आपत्ति नहीं है। कुछ लोगों के बीच भ्रम या गलतफहमी के कारण मामला सामने आया था।

उन्होंने आगे कहा कि पुलिस ने दोनों कश्मीरी छात्रों से भी बातचीत की और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। छात्र संतुष्ट हैं और फिलहाल किसी तरह की समस्या नहीं है। पुलिस ने छात्रों को अपना संपर्क नंबर भी दिया है और आश्वासन दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें पूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

चौहान ने बताया कि नाबालिग छात्रा से जुड़े मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग घटनाओं को लेकर दो एफआईआर दर्ज की हैं। करीब 14 वर्षीय बच्ची के लापता होने की सूचना उसके परिजनों ने पुलिस को दी थी। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। बच्ची के मिलने के बाद उसने एक व्यक्ति के बारे में जानकारी दी और उसके द्वारा कथित छेड़छाड़ किए जाने की बात बताई। इस आधार पर पुलिस ने संबंधित आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।

उन्होंने यह भी कहा कि पूछताछ के दौरान बच्ची ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले एक अन्य व्यक्ति द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। यह अलग घटना थी, इसलिए उसके संबंध में अलग एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले में बताए गए आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चौहान ने बताया कि बच्ची मंडीदीप गई थी और वहीं से जुड़े घटनाक्रम के संबंध में पुलिस को जानकारी मिली। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर धरना-प्रदर्शन को लेकर भी पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की। चौहान ने कहा कि पॉलिटेक्निक चौराहा शहर का महत्वपूर्ण और व्यस्त स्थान है, जहां लगातार बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। यहां ट्रैफिक का दबाव भी काफी रहता है। इसी वजह से आम लोगों को असुविधा और यातायात बाधित होने से बचाने के लिए वहां निषेधात्मक आदेश जारी किया गया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it