पॉकेट में प्याज ले जाओ कुछ नहीं होगा... ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया प्रचंड गर्मी से बचने का गजब फॉर्मूला
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 1 मिनट 23 सेकंड का वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में वह लोगों को भीषण गर्मी से बचने के लिए एक पारंपरिक उपाय बताते नजर आ रहे हैं।

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। दिल्ली से लेकर चेन्नई तक तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई जगहों पर यह 50 डिग्री के करीब पहुंचने की स्थिति में है। अप्रैल का महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ है, लेकिन लू और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दिन में तेज धूप और रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। इसी बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने गर्मी से बचने का एक अनोखा और चौंकाने वाला तरीका बताया है।
इंस्टाग्राम पर साझा किया वीडियो
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 1 मिनट 23 सेकंड का वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में वह लोगों को भीषण गर्मी से बचने के लिए एक पारंपरिक उपाय बताते नजर आ रहे हैं। वीडियो में सिंधिया कहते हैं कि अगर कोई व्यक्ति अपनी जेब में एक प्याज रखकर घर से बाहर निकले, तो वह तेज गर्मी का सामना आसानी से कर सकता है। अपनी बात को समझाने के लिए उन्होंने खुद अपनी जेब से एक प्याज निकालकर वहां मौजूद लोगों को दिखाया।
शिवपुरी कार्यक्रम में दिया सुझाव
यह वीडियो मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जहां सिंधिया विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने लोगों के साथ बातचीत करते हुए यह ‘प्याज फॉर्मूला’ साझा किया। उनकी इस बात पर वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं और कुछ लोग तो तुरंत अपनी जेब में प्याज रखने की बात करते नजर आए।
‘51 डिग्री में भी काम करता है यह तरीका’
वीडियो में सिंधिया यह भी कहते सुनाई देते हैं कि वह खुद बिना एसी के भीषण गर्मी में काम करते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लोग अक्सर उनसे पूछते हैं कि 50-51 डिग्री तापमान में वह कैसे बिना एसी के रह लेते हैं। इस पर उन्होंने कहा, “चंबल की चमड़ी है, थोड़ी मोटी होती है।” इसके बाद उन्होंने जेब से प्याज निकालकर कहा कि यही उनका ‘सीक्रेट’ है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर तापमान 51 डिग्री तक भी पहुंच जाए, तो सिर पर कपड़ा बांधकर और जेब में प्याज रखकर बाहर निकला जा सकता है।
पारंपरिक उपायों पर जोर
सिंधिया ने अपने बयान में पारंपरिक और आयुर्वेदिक उपायों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक समय में लोग नई-नई चीजों पर निर्भर हो गए हैं, लेकिन पुराने और घरेलू उपायों को नहीं भूलना चाहिए। उनका मानना है कि ऐसे छोटे-छोटे पारंपरिक तरीके भीषण गर्मी में राहत देने में मदद कर सकते हैं और इन्हें अपनाना चाहिए।
लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
सिंधिया के इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे दिलचस्प और मजेदार बता रहे हैं, तो कुछ इसे पुराने घरेलू नुस्खों से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि भीषण गर्मी से बचने के लिए वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित उपाय जैसे पर्याप्त पानी पीना, धूप से बचाव करना और शरीर को ठंडा रखना ज्यादा जरूरी है।
कई राज्यों में गर्मी का कहर
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का यह बयान ऐसे समय में आई है जब भारत के बड़े हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में लू चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार कई राज्यों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से काफी अधिक है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर जैसे क्षेत्रों में गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
गर्मी से बचाव के जरूरी उपाय
देश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। लू से बचने के लिए दोपहर में बाहर निकलने से बचना, हल्के और ढीले कपड़े पहनना, पानी और तरल पदार्थों का अधिक सेवन करना बेहद जरूरी है। साथ ही, सिर को ढककर रखना और शरीर को हाइड्रेटेड रखना भी महत्वपूर्ण है।


