मध्य प्रदेश में भाजपा कार्य समिति घोषित, 33 प्रतिशत से अधिक महिलाएं
मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी इकाई ने लंबे इंतजार के बाद प्रदेश कार्य समिति का ऐलान कर दिया है। इस कार्य समिति में कुल 106 सदस्य हैं, जिनमें 33 प्रतिशत से अधिक महिलाओं को शामिल किया गया है

भोपाल। मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी इकाई ने लंबे इंतजार के बाद प्रदेश कार्य समिति का ऐलान कर दिया है। इस कार्य समिति में कुल 106 सदस्य हैं, जिनमें 33 प्रतिशत से अधिक महिलाओं को शामिल किया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा घोषित कार्य समिति का विवरण देते हुए प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने बताया है कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रदेश कार्यसमिति, स्थायी आमंत्रित एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची जारी की है।
कोठारी ने बताया है कि पार्टी के संविधान के अनुसार 106 सदस्यों की कार्यसमिति का गठन किया गया है। पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति में 33 प्रतिशत महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया गया। कार्यसमिति में सभी वर्गों, समाजों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को शामिल करने का प्रयास किया गया।
प्रदेश महामंत्री कोठारी ने बताया है कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन के लिए विशेष आमंत्रित सदस्यों की अलग सूची भी बनाई गई है। कार्यसमिति में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया है।
उन्होंने कहा है कि कार्यसमिति का गठन भाजपा के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत के आधार पर किया गया है। 15 जुलाई के आसपास ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा है कि भाजपा के मूल सिद्धांतों के अनुरूप सभी चयनित कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियों में सक्रिय भागीदारी देने पर जोर दिया गया है। विशेष आमंत्रित सदस्यों में संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष और प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजकों को भी शामिल किया गया है। आगामी समय में आवश्यकता अनुसार चर्चा कर विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए जायेंगे।


