यूपी में इलाहाबाद स्टेशनों पर खोये मोबाइल बरामद
उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद राजकीय रेलवे पलिस (जीआरपी) ने अभियान चलाकर इलाहाबाद और प्रयाग स्टेशनों पर चोरी गये मोबाइलों को अभियान चलाकर बरामद किया
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद राजकीय रेलवे पलिस (जीआरपी) ने अभियान चलाकर इलाहाबाद और प्रयाग स्टेशनों पर चोरी गये मोबाइलों को अभियान चलाकर बरामद किया।
जीआरपी पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार भटट ने आज यहां बताया कि जिन लोगों ने इलाहाबाद और प्रयाग स्टेशनों से मोबाइल चोरी होने की सूचना दर्ज कराया था, कल उनके पहचान पत्र देखने के बाद सौंप दिये गये। अधिकांश मोबाइल इलाहाबाद रेलवे स्टेशन और प्रयाग स्टेशन पर चोरी हो गये थे। पकडे गये मोबाइलों की कीमत चार लाख रूपये आंकी गयी है।
उन्होंने बताया कि पिछले सात-आठ महीने में 60 मोबाइल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी। चोरी गये मोबाइलों में से 29 मोबाइल बरामद कर शिकायतकर्ताओं को उनके पहचान पत्र की जांच करने के बाद उन्हे सौंप दिये गये।
भटट ने बताया कि चोरी गये मोबाइलों का पता लगाने के लिए एक विशेष सर्विलांस टीम का गठन किया गया था। टीम ने दूर दराज के क्षेत्रों से मोबाइलों को बरामद किया। उन्होंने बताया कि अभियान अब कानपुर और वाराणसी में चलाया जायेगा। पुलिस मोबाइल चोर गिरोह के सदस्यों की खोज कर रही है।


