देहरादून में जून तक पूरी होगी अंडरग्राउंड केबलिंग, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश
देहरादून में विद्युत लाइनों की अंडरग्राउंड केबलिंग को लेकर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बैठक कर जून तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी को साप्ताहिक मॉनिटरिंग के आदेश।

देहरादून। राजधानी देहरादून में विद्युत लाइनों की अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य को लेकर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में ऊर्जा विभाग और जिलाधिकारी देहरादून के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में शहर में चल रहे केबलिंग कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने पिटकुल (पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन) को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़कों की खुदाई, अंडरग्राउंड केबलिंग और ब्लैक टॉपिंग का कार्य हर हाल में जून माह तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्य को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करना अत्यंत आवश्यक है ताकि आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो।
उन्होंने अधिकारियों को सलाह दी कि पूरे शहर में एक साथ कई स्थानों पर कार्य शुरू करने के बजाय सीमित फ्रंट पर काम शुरू किया जाए और सभी श्रमिकों को एक ही स्थान पर केंद्रित कर तेजी से कार्य पूरा किया जाए। इससे जहां काम में तेजी आएगी, वहीं शहर की सभी सड़कों पर एक साथ खुदाई होने से होने वाली परेशानियों से भी नागरिकों को राहत मिलेगी।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिए कि अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की साप्ताहिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और कार्य की प्रगति पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि एक स्थान पर कार्य पूर्ण होने के बाद ही अगले स्थान पर कार्य शुरू करने की अनुमति दी जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, जिलाधिकारी सविन बंसल और पिटकुल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समयसीमा में कार्य पूरा कर शहर को बेहतर और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था प्रदान की जाएगी।


