बालिका से दुष्कर्म का आरोपी लाइनमैन गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के अंजड़ कस्बे में तीन वर्षीय एक बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में एक लाइनमैन को आज रात्रि गिरफ्तार कर लिया गया

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के अंजड़ कस्बे में तीन वर्षीय एक बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में एक लाइनमैन को आज रात्रि गिरफ्तार कर लिया गया।
बड़वानी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत ने बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में मुकेश जादम के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पीड़ित बालिका अक्सर पड़ोस में निवासरत आरोपी के घर खेलने जाती रहती थी। गत 29 अक्टूबर को बच्ची ने पड़ोस से आने के उपरांत अपनी मां से उसे हो रहे दर्द के बारे में बताया और उसके कपड़े गंदे पाए जाने पर मां ने बच्ची के पिता को घटनाक्रम से अवगत कराया।
इसके बाद दंपति बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित एक निजी क्लीनिक में बालिका को उपचार के लिए ले गए, जहां से उन्हें शासकीय अस्पताल जाने की सलाह दी गयी। शासकीय अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा परीक्षण कर दुष्कर्म की आशंका जताई, जिसके बाद दंपति आज रात्रि अंजड़ वापस आए और थाने पर प्रकरण दर्ज कराया।


