योगी ने लोगों से कानून हाथ में ना लेने की अपील की
उत्तर प्रदेश में शराब की दुकानो पर तोड़फोड़ की घटनाओ को गंभीरता से लेते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से संयम बरतने और कानून हाथ में ना लेने की अपील की है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शराब की दुकानो पर तोड़फोड़ की घटनाओ को गंभीरता से लेते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से संयम बरतने और कानून हाथ में ना लेने की अपील की है।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री और सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने आज यहां पत्रकारों से कहा “ यह सरकार कानून का अनुपालन करने और कराने वाली सरकार है।
किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नही दी जायेगी। शराब की दुकानो को लेकर यदि किसी को कोई समस्या है तो वह बेहिचक इसकी शिकायत संबधित अधिकारी से कर सकता है।
” उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रिहायशी इलाकों के अलावा स्कूल और धार्मिक स्थल के पास शराब की दुकान नही खोले जाने के लिये कटिबद्ध है।
इन क्षेत्राें में यदि कोई विक्रेता शराब की दुकान खोलता है तो उसके खिलाफ कडी कार्रवाई की जायेगी मगर दूसरी तरफ लोगों को संयम से काम लेना चाहिये और तोडफोड एवं हिंसात्मक रवैये से परहेज करना चाहिये। गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार योगी सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गो पर स्थित शराब की दुकानों को हटाने का फरमान जारी किया है।
पिछले दिनों हाइवे से दुकानों को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किये जाने को लेकर राज्य के कई स्थानों पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किये।इन प्रदर्शनों में महिलाओं ने बढ चढ कर हिस्सा लिया और कई इलाकों में इसे लेकर कानून व्यवस्था का गंभीर संकट पैदा हो गया।
सरकार ने राजमार्गाें के किनारे करीब 5500 शराब की दुकानो को स्थानांतरित किये जाने का आदेश दिये जिसमे से 4000 से अधिक दुकानदार लोगों के आक्रोश और हिसंक प्रदर्शन की वजह से अपने प्रतिष्ठान अन्य स्थानों पर नही खोल पा रहे है।


