छात्र की अपहरण के बाद हत्या, छात्र का शव घर के निकट ईख के खेत में पड़ा मिला
मोदीनगर ! भोजपुर थाना क्षेत्र के ईशाकनगर गांव में कक्षा पांच के छात्र की अपहरण के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई।

मोदीनगर ! भोजपुर थाना क्षेत्र के ईशाकनगर गांव में कक्षा पांच के छात्र की अपहरण के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई।
छात्र मंगलवार शाम को खेलते समय अचानक गायब हो गया था, उसका शव घर के निकट बुधवार सवेरे ईख के खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का फारेंसिक और डॉग स्कवायड की टीम ने भी निरीक्षण कर पर्याप्त साक्ष्य जुटाए हैं। भोजपुर थाना क्षेत्र के ईशाकनगर गांव निवासी फूलचंद का 11 वर्षीय बेटा प्रिंस गांव स्थित सरकारी स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता था। मंगलवार दोपहर को वह घर से खेलने के लिए निकला था। तीन बजे तक उसे ग्रामीणों ने बच्चों के साथ खेलते हुए भी देखा था। इसी बीच वह लापता हो गया। देर शाम तक जब प्रिंस का कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना देकर छात्र की पूरी रात तलाश की। सवेरे परिजनों को किसी ने बताया कि प्रिंस का शव घर के निकट ईख के खेत में पड़ा है। इसकी सूचना पाकर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। शव पर कई गंभीर चोटों के निशान थे और गले पर रस्सी का गहरा जख्म होने के कारण इस बात की पुष्टि हो रही थी कि किसी ने रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या की है। शव के पास कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामान मिलने से पुलिस का संदेह गहरा गया है। पुलिस कुकर्म जैसे बिंदु को भी घटना से जोडक़र देख रही है। बाद में फॉरेंसिक टीम और डॉग स्कावयड भी मौके पर पहुंच गई। दोनों टीमों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। इस मामले में मृतक के परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रिंस गलत संगत में बैठता था। वह छोटी सी उम्र में ही बीडी, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करता था। हालांकि परिजनों ने प्रिंस के नशा करने की बात से साफ इंकार किया है।


