Top
Begin typing your search above and press return to search.

केरल में भारी बारिश का अलर्ट, 10 जिलों के लिए चेतावनी जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने केरल के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया और अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी।

केरल में भारी बारिश का अलर्ट, 10 जिलों के लिए चेतावनी जारी
X

तिरुवनंतपुरम। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को केरल के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया और अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी।

ऑरेंज अलर्ट उन इलाकों के लिए जारी किया जाता है, जहां 24 घंटे में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू है।

शनिवार के लिए तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

रविवार को 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इनमें तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड शामिल हैं।

येलो अलर्ट, जो 24 घंटे में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक भारी बारिश की संभावना को दर्शाता है, शुक्रवार को एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम के लिए जारी किया गया है। शनिवार को कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में तथा रविवार को कन्नूर और कासरगोड में येलो अलर्ट रहेगा।

सोमवार को तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड सहित 12 जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अचानक बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से अधिकारियों के निर्देशानुसार सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

नदियों के किनारे और बांधों के निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

लोगों को भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और चेतावनी हटने तक झरनों, जलाशयों और पहाड़ी क्षेत्रों की यात्राएं स्थगित करने की सलाह दी गई है।

भारी बारिश के दौरान नदियों और अन्य जल स्रोतों में नहाने, मछली पकड़ने या अन्य गतिविधियों से भी बचने को कहा गया है।

वाहन चालकों से जलाशयों के पास और मरम्मत कार्य चल रहे क्षेत्रों में सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है।

लोगों को तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग्स और कमजोर दीवारों से भी दूर रहने की सलाह दी गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it