केन्या की लड़की पर नस्ली हमला नहीं : पुलिस
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा में केन्या की एक लड़की पर हुए हमले को नस्ली होने से इन्कार करते हुए पुलिस ने दावा किया है कि उसका अपने मित्रों के साथ झगड़ा हुआ था
नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा में केन्या की एक लड़की पर हुए हमले को नस्ली होने से इन्कार करते हुए पुलिस ने दावा किया है कि उसका अपने मित्रों के साथ झगड़ा हुआ था।
कल हुए इस मामले को नस्ली हमला बताया जा रहा था किन्तु नोएडा के वरिष्ठ पुलिस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने आज संवाददाता सम्मेलन में कहा कि लड़की के कथन में सच्चाई नहीं है और उसका अपने ही मित्रों के साथ झगड़ा हुआ था।
सिंह ने कहा कि यह नस्ली हमला का मामला नहीं है। कल ओमीक्रॉन - 1 ए सेक्टर के समीप कैब पर सवार अफ्रीकी मूल की इस छात्रा के साथ मारपीट की खबरें आयी थी।
सिंह ने कहा कि जांच पड़ताल करने पर मामले में सच्चाई नजर नहीं आ रही है क्योंकि कैब में जीपीएस लगा हुआ था। घटना के प्रारंभ से लेकर आखिर तक ड्राइवर लड़की के साथ था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ड्राइवर से गहन पूछताछ की गयी । पूछताछ के बाद “हमें नहीं लगता कि यह मामला नस्ली हमले का है क्योंकि ड्राइवर से पूछताछ में ऐसी कोई घटना का पता नहीं चला है और चालक के पास भी झूठ बोलने की कोई वजह नहीं है।
” कैब चालक का कहना है कि लड़की ने चलती कार में शराब पी थी । केन्या के उच्चायुक्त के काउसंलर फ्रेडरिक ने भी लड़की के साथ मारपीट के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि लड़की पारिवारिक कलह को लेकर तनावग्रस्त थी । उसकी दोस्तों से ही मारपीट हुई थी।
केन्या की मारिया बुरांडी ने यह आरोप लगाया था कि कल जब वह कैब में जा रही थी उसी दौरान कुछ लोगों ने कार को रोककर हमला किया । उसका कहना था कि उसे कार से खींचकर मारा-पीटा गया ।
पुलिस ने मामले की जांच कर कैब चालक से पूछताछ की , तो पता चला कि ऐसा कोई मामला नहीं हुआ है। लड़की ने जो जगह बतायी थी वह भी पूछताछ में सही नहीं निकली ।


