'सीएजी रिपोर्ट से खुली केजरीवाल की पोल'
दिल्ली की अरविन्द केजरीवाल सरकार के सीएजी जांच में सामने आये राशन घोटाले पर भाजपा ने सड़कों पर उतर कर विरोध जताया

नई दिल्ली। दिल्ली की अरविन्द केजरीवाल सरकार के सीएजी जांच में सामने आये राशन घोटाले पर भाजपा ने सड़कों पर उतर कर विरोध जताया। भाजपा के कई नेता, सांसदों ने आज दिल्ली विधानसभा के पास प्रचंड विरोध प्रदर्शन किया और गिरफ्तारियां दी। सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल का घिनौना चेहरा बेनकाब हो गया है
दूसरों को ईमानदारी एवं बेइमानी के प्रमाण पत्र देने वाले केजरीवाल के विधायक एवं मंत्री भ्रष्टाचार, बेइमानी, फर्जी कारोबार, फर्जी डिग्री एवं महिला उत्पीड़न के आरोपों से कलंकित हैं।
उन्होने कहा कि केजरीवाल के मंत्रियों के कुकृत्यों के चलते आज दिल्ली की जनता शर्मशार है और विधानसभा लज्जित है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष के चलते केजरीवाल सरकार ने स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं का पूरा लाभ दिल्ली की जनता तक नहीं पहुंचने दिया है यह भी सीएजी रिपोर्ट ने यह पूरी तरह साफ कर दिया। सांसद मीनाक्षी लेखी ने दुखद बताते हुए कहा कि गरीबों के लिये केंद्र सरकार द्वारा दिया जाने वाला राशन गरीबों तक न पहुंचकर दिल्ली की अरविन्द केजरीवाल सरकार और उससे जुड़े राशन माफिया की भेंट चढ़ गया।
गत तीन वर्षों में केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के गरीबों के 5400 करोड़ रूपये के राशन की हेराफेरी की है और अब जब वह पकड़ा जाने लगा है तो बेबुनियाद शोर मचा रहे हैं। पार्टी महामंत्री राजेश भाटिया ने अरविन्द केजरीवाल को एक विशाल जनादेश के साथ सत्ता सौंपी थी वह आम आदमी के हिस्से का राशन लूट रहे हैं।
सांसद डा. उदित राज ने कहा कि भाजपा के आरोप को राजनीतिक प्रतिशोध बताने वाले अरविन्द केजरीवाल की सीएजी की वार्षिक रिपोर्ट ने पोल खोल दी है। प्रशासनिक भ्रष्टाचार, राजस्व एकत्रीकरण में विफलता के साथ ही केजरीवाल सरकार ने लगातार दलित विकास फंड का दुरूपयोग किया है। राष्ट्रीय मंत्री सरदार आरपी सिंह ने सीएजी जांच के हवाले से केजरीवाल सरकार को घोटाले की सरकार बताया और कहा कि इनकी सीबीआई जांच आवश्यक है। केजरीवाल सरकार ने अल्पसंख्यकों विशेष कर सिखों के साथ लगातार भावनात्मक खिलवाड़ किया है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने भाजपा द्वारा लगातार केजरीवाल सरकार गरीबों का राशन, दलितों के विकास फंड एवं विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति के पैसे में हेराफेरी का मुद्दा याद दिलाते हुए आप सरकार पर जमकर हमले किए। प्रदर्शनकारियों में जय प्रकाश, आशीष सूद सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।


