Top
Begin typing your search above and press return to search.

बेंगलुरु एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में धुआं, चेन्नई जा रहा था विमान

बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इंडिगो की बेंगलुरु से चेन्नई जा रही फ्लाइट 6ई 6017 में उड़ान भरने से पहले धुआं उठता दिखाई दिया

बेंगलुरु एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में धुआं, चेन्नई जा रहा था विमान
X

नई दिल्ली। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इंडिगो की बेंगलुरु से चेन्नई जा रही फ्लाइट 6ई 6017 में उड़ान भरने से पहले धुआं उठता दिखाई दिया।

सुरक्षा को देखते हुए विमान में मौजूद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को तुरंत इमरजेंसी स्लाइड्स के जरिए बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ।

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो का एयरबस विमान रनवे की ओर टैक्सी कर रहा था, तभी केबिन के अंदर धुआं नजर आया। इसके बाद तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किया गया और विमान को रोककर यात्रियों की सुरक्षित निकासी कराई गई। घटना की सूचना सभी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।

इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा एयरलाइन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचा दिया गया है, जहां एयरलाइन की टीम उनकी देखभाल कर रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था की गई।

एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है और फ्लाइट जल्द रवाना की जाएगी।

इस घटना की जांच अब डीजीसीए द्वारा की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान टैक्सी-वे पर था, तभी धुआं दिखाई दिया।

गौरतलब है कि इस महीने इंडिगो के साथ यह दूसरी इमरजेंसी इवैक्यूएशन की घटना है। इससे पहले 5 मई को हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही इंडिगो फ्लाइट में एक यात्री के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में आग लगने के बाद विमान में मौजूद सभी लोगों को इमरजेंसी स्लाइड्स के जरिए बाहर निकाला गया था।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it