Top
Begin typing your search above and press return to search.

कर्नाटक में मोरल पुलिसिंग' का नया मामला: अल्पसंख्यक लड़के पर हमला, अगवा करने की कोशिश

कर्नाटक पुलिस ने 'मोरल पुलिसिंग' के एक मामले में कुछ कार्यकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है

कर्नाटक में मोरल पुलिसिंग का नया मामला: अल्पसंख्यक लड़के पर हमला, अगवा करने की कोशिश
X

मंगलुरु। कर्नाटक पुलिस ने 'मोरल पुलिसिंग' के एक मामले में कुछ कार्यकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में मंगलुरु जिले के उजिरे में एक मंदिर मेले के दौरान, अल्पसंख्यक समुदाय के 17 वर्षीय एक लड़के पर कथित तौर पर एक समूह ने हमला किया और उसे अगवा कर लिया।

मंगलुरु के पुलिस अधीक्षक के अरुण ने बताया कि जो लोग कानून अपने हाथ में लेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है, और जांच के तहत इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 18 मार्च की शाम को बेल्टंगडी तालुक में श्री जनार्दन स्वामी मंदिर मेले के उत्सव के दौरान सामने आई। बताया जा रहा है कि वह लड़का अपने दोस्तों के साथ मेले में आया था, तभी युवकों के एक समूह ने उसे घेर लिया।

शिकायत के अनुसार, उस समूह ने उससे सवाल किया कि "क्या तुम लड़कियों को किसी लॉज में ले जा रहे हो?" और कथित तौर पर उसे अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए गालियां दीं, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की। यह भी कहा जा रहा है कि आरोपियों ने लड़के को जबरन अपने साथ ले जाकर उससे मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड करवाया। इस घटना के बारे में अभी और जानकारी सामने आना बाकी है।

पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर बेल्टंगडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने गलत तरीके से रोकने, मारपीट, अपहरण, जानबूझकर अपमान करने और आपराधिक धमकी देने की धाराएं लगाई हैं। शुरुआती जांच में यह पता चला है कि आरोपी एक दक्षिणपंथी संगठन, बजरंग दल से जुड़े हुए हैं। इस घटना ने क्षेत्र में सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

चिकमंगलुरु पुलिस ने 19 फरवरी को 'मोरल पुलिसिंग' के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लिया। आरोप है कि आरोपियों ने अलग-अलग समुदायों से ताल्लुक रखने वाले एक लड़के और लड़की को तब रोका, जब वे बाइक से स्कूल से लौट रहे थे, और उनसे पूछताछ की। घटना की जानकारी मिलने के बाद, पुलिस ने लड़के के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और आरोपियों - नियाज, तबरेज और हनीफ को गिरफ्तार कर लिया।

9 जुलाई 2025 को मंगलुरु जिले की विटला पुलिस ने 'मोरल पुलिसिंग' की एक कथित घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। आरोपी की पहचान पद्मराज के रूप में हुई, जो मंजेश्वर का रहने वाला है। यह घटना तब हुई जब शिकायतकर्ता का नाबालिग भाई विटला के एक निजी बस स्टैंड पर अपने स्कूली साथी से बात कर रहा था।

22 जनवरी 2026 को मोरन पुलिसिंग की एक और घटना में मुस्लिम युवकों के एक समूह ने कथित तौर पर कुछ हिंदू युवकों पर हमला कर दिया। ये हिंदू युवक बंगारपेट में एक 'उर्स' जुलूस के दौरान एक मुस्लिम लड़की के साथ थे। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। शिकायत चांदनी ने दर्ज कराई थी, जिसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उस पर और उसके हिंदू दोस्तों पर हमला किया। ये सभी उसके और उसके भाई रफी के साथ थे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it