Top
Begin typing your search above and press return to search.

बेंगलुरु: महिला के पीजी कमरे में घुसकर सैनिटरी पैड और अंडरगारमेंट्स चुराने वाला युवक गिरफ्तार

शहर के कोरमंगला इलाके में एक महिला के पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास के कमरे में कथित रूप से बिना अनुमति घुसकर उसके निजी सामान चुराने और उन्हें आपत्तिजनक तरीके से सजाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है

बेंगलुरु: महिला के पीजी कमरे में घुसकर सैनिटरी पैड और अंडरगारमेंट्स चुराने वाला युवक गिरफ्तार
X

बेंगलुरु। शहर के कोरमंगला इलाके में एक महिला के पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास के कमरे में कथित रूप से बिना अनुमति घुसकर उसके निजी सामान चुराने और उन्हें आपत्तिजनक तरीके से सजाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गिरिराज डी के रूप में हुई है, जो उसी जोलो हेजल पीजी में रहता था, जहां शिकायतकर्ता महिला भी रह रही थी।

शिकायत में महिला ने बताया कि वह पिछले करीब तीन महीनों से पीजी के प्रथम तल पर रह रही थी। उसने पुलिस को बताया कि कमरे की केवल एक चाबी थी, जो उसकी रूममेट तृप्ति सिंह के पास रहती थी।

महिला के अनुसार, 24 अगस्त को सुबह करीब 7:21 बजे वह और उसकी रूममेट कमरे को बिना लॉक किए बाहर चली गई थी। इसी दौरान आरोपी कथित रूप से कमरे में दाखिल हुआ और महिला के निजी सामान, जिनमें अंडरगारमेंट्स और पांच सैनिटरी पैड शामिल थे, उठा लिए। आरोप है कि उसने इन वस्तुओं को अश्लील और आपत्तिजनक तरीके से व्यवस्थित किया।

बाद में महिला ने पीजी परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में कथित तौर पर आरोपी को कमरे में प्रवेश करते और अनुचित गतिविधि करते देखा गया। पुलिस ने इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान गिरिराज डी के रूप में की, जो उसी पीजी में रहता है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने सुबह करीब 6:50 बजे दोबारा उसके कमरे में प्रवेश करने की कोशिश की। इसके बाद उसने कोरमंगला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धाराओं 78(2), 79, 305(ए) और 329(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it