Top
Begin typing your search above and press return to search.

कमलनाथ ने शिकायतों का फॉलोअप नहीं होने पर जतायी नाराजगी

मुख्यमंत्री ने कल रात यहां मंत्रालय में जन अधिकार कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान संभागायुक्तों और कलेक्टरों को विभिन्न मुद्दों को लेकर निर्देश दिए।

कमलनाथ ने शिकायतों का फॉलोअप नहीं होने पर जतायी नाराजगी
X

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आम लोगों की समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से शुरू किए गए 'आपकी सरकार-आपके द्वार' कार्यक्रम में शिकायतों का फॉलोअप नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मौके पर ही शिकायतों का निराकरण न होने से इस कार्यक्रम का उद्देश्य ही पूरा नहीं हो पाता है।

मुख्यमंत्री ने कल रात यहां मंत्रालय में जन अधिकार कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान संभागायुक्तों और कलेक्टरों को विभिन्न मुद्दों को लेकर निर्देश दिए। इसी अवसर पर श्री कमलनाथ ने कहा कि सभी कलेक्टर प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निराकरण करें और यह भी सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता निराकरण से संतुष्ट हो।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों के समाधान में इस महीने प्रथम पांच जिले उज्जैन, टीकमगढ़, रतलाम, सिंगरौली और मंडला रहे। खरगोन, शाजापुर, अनूपपुर, सतना और बुरहानपुर निचले पायदान पर रहे। नर्मदा घाटी विकास, जनसंपर्क, विधि विधायी कार्य, अनुसूचित जनजाति कल्याण और खनिज विभाग सबसे कम शिकायतों वाले विभाग रहे।

मुख्यमंत्री ने आम जनता की जायज समस्याओं और शिकायतों का सामान्य प्रक्रिया के तहत तत्काल निराकरण किए जाने की कार्य-संस्कृति विकसित करने के निर्देश कलेक्टरों को दिए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर अपने जिलों में ऐसी व्यवस्था बनाएं कि लोगों को सी.एम. हेल्पलाइन में शिकायत करने की जरूरत ही न पड़े।

श्री कमलनाथ ने सीधी जिले के ग्राम टीकट खुर्द निवासी विनोद कुमार सिंह को डेयरी खोलने के लिए ऋण लेने के बाद छह साल तक सब्सिडी न मिलने पर इस पूरे मामले की जांच कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हरदा जिले की श्रीमती सलमा बी की बेटी के साथ ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज नहीं करने पर थाना प्रभारी नेमावर के निरीक्षक उपेन्द्र झारी की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने ब्यौहारी जिला शहडोल निवासी श्रीमती पार्वती सोनी को प्रसव के बाद जननी सुरक्षा योजना का लाभ न मिलने पर संबंधित संयुक्त संचालक स्वास्थ्य के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नीमच जिले के ग्राम दोपल खेड़ा के किसान अनिल सिंह जाट की शिकायत पर खेतों के पास चल रहे क्रेशर को बंद कराए जाने के निर्देश दिए। किसान ने बताया था कि क्रेशर के कारण उसकी धूल और विस्फोट आदि के कारण फसलों को नुकसान हो रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it